चुनावी पाठशाला एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम
संकल्प सवेरा मुंगरा बादशाहपुर के ग्राम पंचायत मोलनापुर के प्राथमिक विद्यालय में चुनावी पाठशाला का आयोजन किया गया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक सुनील कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि जिन लोगों की आयु 01 जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है
वे लोग अपना नाम निर्वाचक नामावली में जुड़वा सकते हैं इसके लिए 30 नवंबर तक अभियान चलाया जा रहा है। बूथ संख्या 443 की बी एल ओ केशा पाल ने बताया कि उन्हें 06 आवेदन तथा 444 की बी एल ओ राजकुमारी ने बताया कि उन्हें कुल 08 आवेदन पत्र नाम जुड़वाने के लिए प्राप्त हुये हैं।
उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर से जनपद जौनपुर के अलग-अलग ब्लाकों में अलग अलग-अलग तिथियों को चुनावी पाठशाला आयोजित की जा रही है। प्राथमिक विद्यालय मोलनापुर में ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत शिवगंगा सेवा समिति के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली और हैण्ड वाश किया।
जल जीवन मिशन के कार्यकर्ता मनोज कुमार यादव ने नियमित रूप से हैण्ड वाश करने के लिए बच्चों को प्रेरित किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रमेश चंद्र सरोज , ओम् कारनाथ पाण्डेय, चन्द्रजीत यादव प्राथमिक विद्यालय के समस्त स्टाफ आंगनवाड़ी कार्यकर्ती और सफाई कर्मचारी राजेंद्र प्रसाद उपस्थित रहें।












