कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल विधानसभा चुनाव के छठे चरण के तहत गुरुवार को चार जिलों उत्तर दिनाजपुर, नदिया, उत्तर 24 परगना व पूर्व बर्द्धमान जिलों की कुल 43 सीटों के लिए सुबह 9:00 बजे तक छिटपुट हिंसा के बीच 16.33 फीसद वोट पड़े हैं। नदिया में 16.33, उत्तर 24 परगना में 14.87, पूर्व बर्द्धमान में 14.92 एवं उत्तर दिनाजपुर में 18.85 फीसद मतदान हुआ।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सभी मतदान केंद्रों पर स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देशों का पालन किया जा रहा है। कोरोना के बावजूद लोगों में मतदान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और बूथों के सामने लंबी कतारें लगी हुई हैं।
बंगाल में कोरोना के बढ़ते कहर के बीच विधानसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान सुबह से जारी है । इस चरण में सूबे के चार जिलों उत्तर 24 परगना, उत्तर दिनाजपुर, नदिया व पूर्व बद्र्धमान की कुल 43 सीटों के लिए वोट पड़ रहे हैं। इनमें उत्तर 24 परगना की सर्वाधिक 17, उत्तर दिनाजपुर व नदिया की नौ-नौ व पूर्व बद्र्धमान की आठ सीटें शामिल हैं। छठे चरण में केंद्रीय बलों की कम से कम 1071 कंपनियों की तैनाती की गई है। करीब 1.03 करोड़ मतदाता 306 प्रत्याशियों की सियासी किस्मत का फैसला करेंगे। कुल 14,480 पोलिंग बूथों पर मतदान चल रहा है। छठे चरण के प्रमुख प्रत्याशियों में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय, तृणमूल सरकार के मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक, उज्ज्वल विश्वास व स्वपन देबनाथ, अभिनेत्री कौशिनी मुखर्जी, माकपा के तन्मय भट्टाचार्य और कांग्रेस के मोहित सेनगुप्ता शामिल हैं।












