जौनपुर। जिले में गुरुवार देर रात पुलिस की पिटाई से एक युवक की मौत का मामला सामने आने के बाद शव अस्पताल में फेंक कर पुलिसकर्मी मौके से भाग गए। वहींं मामले की जानकारी होने के बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंंच गए। परिजनों के अनुसार बक्सा थाने में पुलिस अभिरक्षा में चोरी के मामले में पुलिस आरोपित को ले गई और पीट पीट कर उसकी हत्या कर दी। मौत होने के बाद उसे अस्पताल में फेंककर भाग गए। 
वहीं कस्टोडियल डेथ का मामला होने की वजह से आनन फानन अस्पताल को पुलिस टीम ने अपने कब्जे में लेकर सुरक्षा कड़ी कर दी। जबकि आरोपित पुलिस कर्मियों के बारे में कोई भी जानकारी शीर्ष अधिकारियों की ओर से नहीं दी गई है।
बक्शा थाना क्षेत्र के चक मिर्जापुर गांव निवासी किशन यादव उर्फ पुजारी (22) की गुरुवार की रात पुलिस हिरासत में मौत हो गई। बोलेरो से तड़के साढ़े पांच बजे बक्शा थाना के पुलिसकर्मी जिला अस्पताल के इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। डाक्टर के मृत घोषित करते ही शव छोड़कर भाग गए। स्वजन का आरोप है कि पुलिस उसे गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे हिरासत में लेकर थाने गई थी। रात में पिटाई से उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में एसपी राज करन नय्यर भी पहुंच गए हैं।












