नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने सारा अली खान और श्रद्धा कपूर को पूछताछ के लिए 10:30 बजे बुलाया है. जहां दोनों एक्ट्रेसेज से ड्रग को लेकर सवाल किए जाएंगे.
मुंबईः सुशांत सिंह राजपूत की मौत की मामले में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद एक-एक कर कई बॉलीवुड हस्तियों पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का शिकंजा कसता नजर आ रहा है. एनसीबी ने शुक्रवार को रकुलप्रीत सिंह और दीपिका पादुकोण की मैनेजर करिश्मा प्रकाश से पूछताछ की. एनसीबी के सवालों का जवाब देते हुए रकुल प्रीत सिंह ने रिया चक्रवर्ती संग ड्रग्स चैट की बात कुबूल की है. वहीं करिश्मा प्रकाश ने भी कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. इस बीच आज एनसीबी बॉलीवुड की तीन बड़ी एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण, सारा अली खान और श्रद्धा कपूर से पूछताछ करने वाली है.

एनसीबी ने सारा अली खान और श्रद्धा कपूर को पूछताछ के लिए 10:30 बजे बुलाया है. जहां दोनों एक्ट्रेसेज से ड्रग को लेकर सवाल किए जाएंगे. ऐसे में सारा की प्राइवेट सिक्योरिटी एक्ट्रेस के एनसीबी दफ्तर पहुंचने से पहले सुरक्षा व्यवस्था की रैकी कर रही है.
वहीं दीपिका पादुकोण को भी एनसीबी ने पूछताछ के लिए बुलावा भेजा है. गौरतलब है कि, शुक्रवार को एजेंसी ने एक्ट्रेस की मैनेजर करिश्मा प्रकाश से पूछताछ की थी और आज फिर उनसे पूछताछ की जाएगी.
दीपिका, सारा और श्रद्धा की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेन रोड से एनसीबी गेस्टहाउस तक मुंबई पुलिस ने बैरिकेड्स लगा दिए हैं. सुरक्षा के तहत पूरे इलाके में कड़े इंतजाम किए गए हैं.












