- फिट इंडिया मूवमेंट की पहली वर्षगांठ पर कार्यक्रम
- पीएम मोदी का वीडियो कॉन्फेंसिंग के जरिए संवाद
- कोहली सहित कई हस्तियां इस डायलॉग का हिस्सा
- खेल मंत्री किरण रिजिजू भी इस कार्यक्रम में शामिल
फिट इंडिया मूवमेंट की पहली वर्षगांठ पर पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देशभर के उन हस्तियों के साथ बातचीत कर रहे हैं, जो देशवासियों को फिटनेस के प्रति जागरूक कर रहे हैं. इस सत्र के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली, दो बार के पैरालिंपिक स्वर्ण पदक विजेता देवेंद्र झाझरिया, अभिनेता मिलिंद सोमन जैसे हस्तियां प्रधानमंत्री से बात कर रही हैं.

कश्मीर की बेटी से पीएम मोदी का संवाद
जम्मू-कश्मीर की महिला फुटबॉलर अफशां आशिक से भी पीएम मोदी ने बात की. पीएम ने कहा कि भविष्य में दुनिया बेकहम नहीं बल्कि अफशां की बात करेगी. अफसा ने बताया कि उनके फैसले को घर वालों ने सपोर्ट नहीं किया था, लेकिन फिर भी उन्होंने मुंबई आकर प्रैक्टिस करना शुरू कर दिया.
पीएम मोदी बोले कि आप कश्मीर की बेटियों के लिए स्टार बन चुकी हैं. आपको फॉलो करके ना सिर्फ कश्मीर बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों से लड़कियां आपसे प्रभावित होंगी. पीएम मोदी ने इस दौरान उनसे प्रैक्टिस के बारे में पूछा. जिसपर अफशां ने बताया कि वो एमएस धोनी की फैन हैं और उनसे ही शांत स्वभाव के बारे में सीखती हैं. पीएम मोदी ने अफशां से पूछा कि कश्मीर के बच्चे खेल में क्यों सबसे आगे होते हैं? जिसपर अफशां ने बताया कि वहां के मौसम के कारण कश्मीर के लोगों का स्टैमिना काफी अच्छा होता है. जो खेल में भी फायदेमंद है.
शुरू हुआ फिट इंडिया मूवमेंट का कार्यक्रम
फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ा संवाद शुरू हो गया है. जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई खिलाड़ियों और फिटनेस फील्ड से जुड़ी हस्तियों से सीधा संवाद कर रहे हैं.












