जिले की छह विधानसभा क्षेत्र के लिए कड़ी सुरक्षा में मतदान चल रहा है। छठ से कुछ दिन पहले मनाए जा रहे लोकतंत्र के महापर्व को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह है। बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लाइन लगी हैं। जिले में दोपहर एक बजे तक 40.15 फीसद मतदान हुए। इसमें मुजफ्फरपुर नगर में 31.00 फीसद , बोचहां में 43.60 फीसद, गायघाट में 45.00 फीसद, सकरा में 38.60 फीसद, कुढ़नी में 37.83 फीसद व औराई में 45.20 फीसद पड़े वोट। कई बूथों से ईवीएम में गड़बड़ी की सूचना के बाद उसे सही कर मतदान शुरू करा दिया गया है। वहीं औराई विधानसभा में बूथ संख्या 190 पर एक मतदान कर्मी की मौत हो गई। कुछ रुकावट के बाद वहां मतदान शुरू हो गया है।
जिले की छह विधानसभा मुजफ्फरपुर, औराई, गायघाट, सकरा, बोचहां व कुढ़नी में 118 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसमें सबसे अधिक 28 उम्मीदवार मुजफ्फरपुर विधानसभा क्षेत्र हैं। यहां से नगर विकास व आवास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा का भविष्य भी दांव पर है। वहीं सकरा में सबसे कम 11 उम्मीदवार ही मैदान में हैं। करीब 17 लाख 95 हजार मतदाता इन विधानसभा क्षेत्र में हैं। इनमें से 4278 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से वोट डाल दिया है। शेष मतदाताओं को वोट डालने के लिए 2564 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 11 आदर्श व 12 पिंक बूथ हैं। 13 हजार 61 मतदान कर्मी चुनाव में लगाए गए हैं। 286 माइक्रो ऑब्जर्वर व 1058 पीसीसीपी पेट्रोलिंग कम कलेक्टिंग पार्टी है। इन क्षेत्रों में 157 नक्सल प्रभावित बूथ होने के बाद भी सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। जिले की 11 विधानसभा सीटों में से पांच पर तीन नवंबर को वोट डाले गए थे। इसमें महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से करीब आठ फीसद अधिक थी। आज हो रहे मतदान में भी महिला मतदाताओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रहने की संभावना है।