नशा, निराशा तथा नकारात्मकता से दूर रहे युवा : ज्ञान प्रकाश सिंह
राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय के 61 वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ
जौनपुर, संकल्प सवेरा। युवा देश के स्वर्णिम भविष्य हैं। देश सशक्त और आत्मनिर्भर बने, इसके लिए युवाओं को नशा ,निराशा तथा नकारात्मकता से दूर रहना होगा। देश की प्रतिष्ठित महाविद्यालय राजा हरपाल सिंह महाविद्यालय, सिंगरामऊ के दो दिवसीय 61 वें वार्षिकोत्सव *विहंगम 2026* के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए देश के जाने माने उद्योगपति तथा प्रख्यात समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने उपरोक्त बातें कही। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बड़े संकल्प के साथ अपनी मंजिल को तय करने के लिए लगातार मेहनत करें। दूर दृष्टि, पक्का इरादा और अनुशासन ही इंसान को कामयाब बनाता है। बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय हमेशा से ही जनपद का गौरव रहा है।
उन्हें पूरा विश्वास है कि यहां के विद्यार्थी आने वाले दिनों में समाज और राष्ट्र को मजबूत करने की दिशा में सार्थक भूमिका प्रस्तुत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक कुंवर जयसिंह ने की। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मुंबई के वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे तथा सम्मानित अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अरुण कुमार सिंह तथा उप प्राचार्य प्रोफेसर इंदु प्रकाश सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुआ। इसके बाद कला, विज्ञान, वाणिज्य तथा शिक्षा संकाय के विद्यार्थियों द्वारा परेड मार्च का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ज्ञान प्रकाश सिंह के हाथों महाविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट और भेंट वस्तु देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा मशाल दौड़ तथा 800 मीटर रेस का भी भव्य आयोजन किया गया। सभी विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी डॉ.सीमा सिंह, क्रीड़ा प्रभारी मेजर डॉ सत्य प्रकाश सिंह समेत महाविद्यालय के सभी प्रोफेसर उपस्थित रहे। अंत में प्रबंधक कुंवर जय सिंह ने समस्त लोगों के प्रति आभार प्रकट करते हुए शुभकामनाएं दी।












