सांस की नली आपरेशन के दौरान कटने से महिला की मौत
संकल्प सवेरा,जौनपुर। बरसठी क्षेत्र के एक अस्पताल में गलत आपरेशन होने के चलते एक महिला की हालत बिगड़ने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान विवाहिता की मौत हो गयी। परिजनों ने शव को वापस अस्पताल पर ले जाकर जमालापुर बंधवा मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर परिजनों ने जाम खत्म कर दिया, लेकिन अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। परिजनों ने डॉक्टरों से इस नुकसान की भरपाई के लिए 15 लाख रुपये की मांग की।

भगवानपुर गांव निवासी दीपक सरोज की पत्नी रीना सरोज की बच्चेदानी में एक दिन पहले तकलीफ हुई तो दीपक पत्नी को बरसठी बाजार के लक्ष्य हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर पर डॉक्टर को दिखाने आया। डॉक्टर ने बच्चेदानी का आपरेशन के लिए कहा। परिजनों ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने आपरेशन तो किग्र, लेकिन इस दौरान महिला की सांस नली कट गयी। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने महिला को वाराणसी ले जाने की सलाह दी।
परिजन उसे वाराणसी के एक अस्पताल ले गये, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। परिजन शव को वापस ले आए। जमालापुर-बंधवा मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों को समझाकर 1 घंटे बाद जाम को खुलवा दिया। इस बीच परिजन अस्पताल के सामने शव रखकर 15 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी होने पर ही अंतिम संस्कार की बात पर अड़े हैं।
सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के प्रभारी डॉ अजय कुमार सिंह टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। परिजनों को डॉक्टर के खिलाफ क़ानूनी कार्रवाई करने का आश्वाशन देकर अस्पताल खाली कराकर सीज कर दिया। इसके बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच की जा रही है।













