संकल्प सवेरा जौनपुर एक दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक महिला ने अबोध बच्ची संग चलती मालगाड़ी के आगे कूद गई। घटना में महिला और बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना वाराणसी-सुल्तानपुर रेल मार्ग स्थित सिटी स्टेशन के मुरादगंज रेलवे क्रॉसिंग पर शुक्रवार रात की है। अभी तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृत महिला की उम्र करीब 28 वर्ष और बच्ची की लगभग दो वर्ष है।अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों मां-बेटी होंगी।
घरेलू कलह के कारण महिला ने बेटी के साथ कटकर मौत को गले लगाया होगा। जीआरपी और पुलिस इस मामले की पड़ताल में जुट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार रात आठ बजे एक महिला बच्ची को गोद में लेकर रेलवे क्रॉसिंग के इर्द-गिर्द टहल रही थी। करीब पौने नौ बजे वाराणसी से सुल्तानपुर की तरफ जा रही मालगाड़ी के आने पर महिला ने बच्ची समेत पटरी पर छलांग लगा दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंचे प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हादसा रोंगटे खड़े करने वाला था। सूचना के बाद जौनपुर जंक्शन से जीआरपी थाना प्रभारी रमेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।












