142 वर्ष बाद अपने पूर्वजों को खोजने के लिये वेस्टइंडीज की महिला पहुंची बरसठी

बरसठी,संकल्प सवेरा जौनपुर।बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव गांव में रविवार को वेस्टइंडीज से महिला निर्मला तीन पीढ़ी 142 वर्ष के बाद अपने पूर्वजों को खोजने के लिए पहुची।लेकिन उन्हें पूर्वजो का पता नही लग पाया।महिला पूरे गांव में घूमकर सबसे मुलाकात की और ग्राम प्रधान अर्जुन यादव के घर भोजन किया।गांव में रहने के बाद वह इलाहाबाद इस्कॉन मंदिर पर चली गयी।
महिला ने बताया कि वर्ष 1880 में अंग्रेज शासन में इनके परदादा रहे विश्वनाथ यादव को साथ ले गए थे, तभी से वहां वह लोग रह रहे है। इसके साथ ही परिवार बढ़ा तो परिवार के लोग इस समय कई देशों में वेस्टइंडीज के गयाना, कनाडा, व साउथ अफ्रीका रह रहे है।महिला निर्मला के पिता गणेश, व दादा का नाम शिवदयाल है।ग्राम प्रधान अर्जुन यादव ने बताया कि निर्मला ने भारतीय दूतावास से संपर्क किया, वह इस्कॉन मंदिर संस्था की सदस्य भी है,उन्होंने अपने परदादा के जन्मस्थान को देखने और परिवार का पता लगाने की इच्छा जाहिर की।उन्होंने बताया कि दूतावास के जरिये डीएम जौनपुर से सम्पर्क किया, डीएम ने सीडीओ को पता लगाने के लिए कहा सीडीओ ने शनिवार को फोन कर काफी देर तक बात कर जानकारी ली।
आज सुबह 10 बजे बरसठी थाने पर पहुँची इसके बाद पहले से वहां मौजूद ग्राम प्रधान अर्जुन यादव अपने साथ गांव ले गये।निर्मला गांव में पहुँच कर काफी प्रभावित हुई।वह गांव के लोगों से मुलाकात की और अपने साथ लाये प्रसाद के रूप में सभी को मिठाई दी।इसके बाद ग्राम प्रधान अर्जुन यादव के घर पर भोजन किया।निर्मला यहां के लोगों से प्रभावित होकर फिर बारीगांव गांव आने के लिए कहकर गयी है। ग्राम प्रधान ने बताया कि अभी उनके परिवार का पता नही लग पाया लेकिन वह हमें ही अपना परिवार व घर मान लिया है। वह दोबारा आने को कहकर वापस इलाहाबाद स्थित इस्कॉन मंदिर चली गयी है।












