- कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष की द्वितीय पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि
सिकरारा, जौनपुर। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. शेरबहादुर सिंह की दूसरी पुण्यतिथि उनके पैतृक गांव विरहदपुर में सोमवार को श्रद्धापूर्वक मनाई गई। स्वर्गीय शेरबहादुर सिंह के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कोआपरेटिव चेयरमैन कुँवर वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि स्व. शेर बहादुर सिंह बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। पार्टी और समाज के प्रति उनके योगदानों को भुलाया नहीं जा सकता।
अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष इन्द्रभूवन सिंह ने कहा कि स्व. शेरबहादुर सिंह एक जुझारू व्यक्तित्व के थे। वे जिस काम को ठान लेते थे उसे पूरा करके ही छोड़ते थे। वे बड़े ही मृदुभाषी व मिलनसार व्यक्तित्व के थे। भाजपा नेता दिनेश सिंह बब्बू व अरविंद सिंह ने कहा कि स्व. शेरबहादुर सिंह समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलते थे। गांव से लेकर जिले तक में अपना सामंजस्य बना लेते थे।
श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में वरिष्ठ कांग्रेसी सतीश सोनकर, अरविंद सिंह नेता, अनिल सिंह, संजय सिंह, टीडीपीजी कालेज के प्रवक्ता अशोक सिंह रघुवंशी, राजेन्द्र सिंह आदि रहे। आगन्तुकों का स्वागत तेजबहादुर सिंह, राजेन्द्र बहादुर सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया। संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी राकेश मिश्र मंगला ने किया। इससे पूर्व स्व. शेरबहादुर सिंह की आत्मा की शांति हेतु मंगलवार से आरम्भ श्रीरामचरितमानस पाठ के समापन के पश्चात उनके पुत्र विनय सिंह, अजय सिंह, राजेश सिंह, राजीव सिंह, संजीव सिंह ने सभी के प्रति आभार जताया। हवन पूजन करने के पश्चात लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।