गभिरन ( जौनपुर) 8 अगस्त
बनहरा गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणो ने पकड़ थाने पर लाकर दोनों का विवाह करा दिया। गांव निवासी युवती से वर्षो पूर्व से सुल्तानपुर जिले के करौंदी थाना क्षेत्र के अमनाइकपुर गांव निवासी मुकेश गौतम का प्रेम प्रसंग चल रहा था। मुकेश की उक्त गाँव में रिस्तेदारी है। जहाँ वह अक्सर आता जाता रहता था।

वह रिश्तेदार के पड़ोस की युवती से आंखे चार कर बैठा। जिसकी भनक युवती के परिवार के लोगों को भी लग चुकी थी। सभी लोग उसके आने की ताक में थे। शुक्रवार वह अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था। शाम को वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। ग्रामीण उसे पकड़ कर थाने लाये। जहाँ दोनों के परिजन बुलवाए गये। मामला सजातीय होने के चलते दोनों पक्ष विवाह के लिए राजी हो गये। थाना प्रांगण स्थित मंदिर में दोनो ने संग संग फेरे लेकर सात जन्मो तक साथ निभाने की कसमें खायी। मंदिर के पुजारी ने मंत्रोच्चार के साथ दोनों का पाणिग्रहण कराया।












