जौनपुर में किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश का वीडियो वायरल, 6 गिरफ्तार
जौनपुर के मछलीशहर इलाके के एक गांव का किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश का वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी व अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छह को दबोचा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सारे आरोपित गिरफ्त में होंगे
जौनपुर, संकल्प सवेरा। मछलीशहर के एक गांव में किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश करने का वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने बुधवार को एससी-एसटी व अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हु छह आरोपितों को हिरासत में लिया है।आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
किशोरी की मां ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 14 अगस्त की रात वह अपने पति व बेटी के साथ घर के बरामदे में खाट पर सो रही थी।आधी रात गांव के ही पुरानी रंजिश को लेकर छह युवक पहुंचे। बेटी को बेहोश कर बगल गन्ने के खेत में उठाकर लेकर चले गए। जहां सभी ने छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की बेटी के चिल्लाने की आवाज पर घरवाले खेत में पहुंचे, जिसके बाद आरोपित गालियां देते हुए फरार हो गए।
लोक लाज की वजह से थाने में शिकायत नहीं किया, लेकिन छेड़खानी करने का वीडियो बुधवार सुबह आरोपितों ने प्रसारित कर दिया।मां की ओर से कोतवाली में आशीष, विक्की, गोरे, प्रमोद, पप्पू, शेषमणि के खिलाफ तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मौके पर पुलिस अधीक्षक डा. अजय पाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र सिंह भी पहुंच आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जरूरी निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण का कहना है कि छह संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे।














