देशभर में बारिश ने आफत मचा रखी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि इस वक्त देश के 15 राज्य बारिश से हाई अलर्ट पर हैं। अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, मुंबई, ओडिशा, मध्य प्रदेश, गुजरात, गोवा समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, असम समेत देश के कई राज्यों में मौसम विभाग की ओर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और ओडिशा के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी दिल्ली, उत्तर प्रदेश के मोदी नगर, गाजियाबाद, चपरौला, फरीदाबाद, पलवल, सोहाना, बिजनौर, रुड़की, जहांगीराबाद, गुलोठी, बुलंदशहर, अलीगढ़, अमरोहा और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
दूसरी ओर भारी बारिश से मुंबई का बुरा हाल है। मुंबई और आस-पास के इलाकों में शुक्रवार रात से मूसलाधार बारिश जारी है। मुंबई के कुर्ला, बांद्रा-कुर्ला परिसर, साकीनाका, अंधेरी, पवई, विद्याविहार, घाटकोपर, कंजुरमर्ग, भांडुप, मुलुंड, पवई, विले पार्ले, जोगेश्वरी, मलाड क्षेत्र में भारी बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त है। सड़कों पर चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। वहीं मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, कोकण और गोवा में रेड अलर्ट जारी किया है।