जिले में 12 केंद्रों पर 1515 फ्रंटलाइन वर्कर्स को लगाया गया टीका
जौनपुर – 11 फरवरी 2021
जिले में 12 केन्द्रों पर आयोजित 21 टीकाकरण सत्रों पर 2539 लोगों के सापेक्ष 1515 फ्रंटलाइन वर्कर्स प्रतिरक्षित किए गए। इस तरह से जिले में 60 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। इस तरह से जिले में अब तक 1999 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लग चुका है।
यहां यह जानना जरूरी है कि फ्रंटलाइन वर्कर्स में रेवेन्यू, प्रशासन, पुलिस, नगरपालिका के कर्मचारी आते हैं जबकि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का पहले ही टीकाकरण हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग के बचे कर्मचारियों के लिए मापअप राउंड चलेगा। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत लेकिन जिन्हें पहले टीका नहीं लगा उन्हें 15 फरवरी को टीका लगाया जाएगा। इन लोगों को टीके की दूसरी खुराक 15 मार्च को दी जाएगी।
जिले में पूर्व में चले अभियानों में 11,395 लोगों का टीकाकरण हो चुका था। इस तरह से अब तक जिले में 12,910 लोगों को टीका लग चुका है।
आज 12 केंद्रों पर 2807 फ्रंटलाइन वर्करों को लगेगा टीका
12 फरवरी (शुक्रवार) को 12 केंद्रों पर 23 सत्र लगेंगे जिसमें 2807 फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगेगा। जिला पुरुष चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, लीलावती महिला अस्पताल, पुलिस लाइन, नगरपालिका परिसर, मछलीशहर, मड़ियाहूं, शाहगंज, बदलापुर, मुंगराबादशाहपुर, डोभी और रामपुर में कुल 23 सत्र लगेंगे।
नम्बर आए तो जरूर लगवाएं टीका: सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अनुपम शुक्ला ने दिन में 11.30 के लगभग लीलावती महिला चिकित्सालय में कोविड-19 का टीका लगवाया। उसके बाद आब्जर्वेशन रूम में बैठे। उन्होंने कहा कि आज मैंने खुद टीका लगवाया और मुझे कोई दिक्कत नहीं हुई। अब दूसरे चरण का टीकाकरण चल रहा है। इसमें फ्रंटलाइन वर्कर्स जिसमें प्रशासन, पुलिस, रेवेन्यू, पंचायती राज, सफाईकर्मी आदि को टीका लग रहा है। यह बहुत ही सुरक्षित टीका है। इसके बारे में किसी को भ्रम पालने की जरूरत नहीं है। जब भी नम्बर आए हर किसी को यह टीका लगवाना चाहिए।
प्रशासन बोला, बहुत ही सुरक्षित है टीका
जिले के तीन एसडीएम ने एक साथ लीलावती महिला चिकित्सालय में टीका लगवाया। एसडीएम सदर न्यायिक अमिताभ यादव, बतौर बीडीओ बख्शा कार्यरत एसडीएम अनुराग प्रसाद तथा एसडीएम मड़ियाहूं न्यायिक मंगलेश दूबे ने एक साथ आकर लीलावती महिला चिकित्सालय में टीका लगवाया। लगवाने के बाद तीनों लोगों ने संयुक्त रूप से बताया कि आज हम तीनों लोगों ने टीका लगवाया। हमें बहुत ही आसानी से टीका लगा और कोई दिक्कत नहीं हुई। सिरिंज लगाने के दर्द का हमें पता ही नहीं चला। प्रशासन की सभी से अपील है कि जब भी आप को टीका लगवाने का मौका मिलता है, जरूर लगवाएं जिससे आप कोविड-19 से सुरक्षित हो जाएं।
36 रिक्रूट आरक्षियों को लगा टीका
आरटीसी पुलिस लाइन में बतौर आईटीआई इंसट्रक्टर राजू बिन्द प्रशिक्षण ले रहे 36 रिक्रूट आरक्षियों को टीका लगवाने के लिए लाए थे। उन्होंने बताया कि सभी को टीका लग गया और किसी कौ कोई दिक्कत नहीं हुई।












