सगी बहनों के हत्या के आरोपी चाचा चाची को पुलिस ने भेजा जेल
संकल्प सवेरा,सिकरारा : थाना क्षेत्र के हरखपुर कुकुरिहावा गांव में विवादित जमीन पर शौचालय बनाने के विवाद में बीते गुरुवार को एक युवक ने नारियल काटने वाले धारदार हथियार से अपनी दो चचेरी बहनों को काट डाला।
दो सगी मृतक बहनों के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी चचेरे भाई आशीष पांडेय 32 वर्ष पुत्र रामशंकर पांडेय और उसकी पत्नी ममता पांडेय 30 पत्नी आशीष पांडेय को शुक्रवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया ।
विदित हो कि पुलिस के अनुसार हरखपुर कुकुरिहावा गांव निवासी शिवशंकर पाण्डेय व रमाशंकर पाण्डेय सहित पांच भाइयों की साझे में एक बीघा जमीन थी। इस जमीन पर मनोमार्जिन बंटवारे के आधार पर सभी जोत बो रहे थे। रमाशंकर अपने घर के बगल की जमीन जिस पर खेती करते थे उसी पर शौचालय बनवाना चाहते थे। इसका सभी ने विरोध किया।
गुरुवार सुबह 11 बजे रमाशंकर के बेटे आशीष ने मजदूर लगाकर शौचालय के निर्माण का कार्य शुरू करा दी। उसी समय शिवशंकर के बेटे जतिन पाण्डेय उर्फ बंटी और उसकी दो बहनें पूर्णिमा (25) और अंतिमा (20) पहुंच गए और काम रोकने को कहा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि आशीष के पास नारियल काटने वाला धारदार हथियार बांका था। आशीष ने उसी से पूर्णिमा व अंतिमा पर कई वार कर दिया। अंतिमा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पूर्णिमा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर सीओ सदर रणविजय सिंह, सिकरारा थानाध्यक्ष सैयद हुसैन मुंतजर, उपनिरीक्षक विजय शंकर यादव,
चौकी प्रभारी ओमप्रकाश समेत पुलिस फोर्स पहुंच गई। मृतका के भाई जतिन पाण्डेय की तहरीर पर पुलिस ने आशीष, उसकी पत्नी ममता और एक मजदूर के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी आशीष और उसकी पत्नी ममता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया ।












