जौनपुर में तालाब में नहाने गईं दो किशोरियों की मौत
जौनपुर,संकल्प सवेरा। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बुद्धिपुर गांव स्थित तालाब में गुरुवार को दो किशोरियां नहाने गई थी। नहाने के दौरान दोनों डूबने लगीं। गांव की ही एक अन्य किशोरी ने दोनों को डूबता देख शोर मचाया। जब तब लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों किशोरियां डूब चुकी थीं। दो किशोरियों की मौत होने से गांव में मातम पसर गया है। दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है
पुलिस के मुताबिक, नेवढ़िया थाना क्षेत्र के बुद्धिपुर गांव निवासी रमेश शर्मा की पुत्री आंचल (15) और राज शर्मा की पुत्री सृष्टि (12) घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित तारक नाथ दुबे के तालाब में नहाने गई थीं। नहाते समय आंचल और सृष्टि अचानक गहरे पानी में चली गईं। आंचल ने उसे बचाने के लिए हाथ बढ़ाया। बचाव के प्रयास के दौरान दोनों डूबने लगीं।
डूबते समय गांव की ही किशोरी शाहीन पुत्री साबिर शोर मचाने लगी। जब तक ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे, तब तक दोनों पानी में डूब गईं थीं। घटना की जानकारी होने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों को तालाब से बाहर निकाला गया। आनन-फानन दोनों को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।