राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन।
संकल्प सवेरा, जौनपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश जौनपुर के जिला अध्यक्ष डॉ उपेंद्र प्रताप सिंह व मंत्री सत्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में केराकत विधायक श्री दिनेश चौधरी जी को ग्यारह सूत्री मांग का ज्ञापन सौंपते हुए कार्यवाही कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा की पूर्व में किए गए अनेकानेक आंदोलन,बैठक आदि के पश्चात भी प्रदेश के लाखों कर्मचारियों की लंबित मांगों के संबध में कोई भी सार्थक निर्णय नहीं लिया जा रहा है जिससे यह प्रतीत होता है की प्रदेश सरकार कर्मचारियों की न्यायोचित मांगो के प्रति संवेदन शून्य है
जिसके परिणाम स्वरूप कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है और प्रदेश का कर्मचारी आंदोलन हेतु बाध्य हो रहा है।
जिला मंत्री सत्य प्रकाश मिश्र ने कहा की राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की मांग है की पुरानी पेंशन बहाल की जाए। सातवें वेतन आयोग की संस्तुतियों के उपरांत व्याप्त वेतन विसंगतियों को दूर करते हुए वेतन समिति की रिपोर्ट को प्रकाशित कर उसके संपूर्ण लाभ प्रदेश के राज्य कर्मचारी/स्थानीय निकाय/ सार्वजनिक निगम /परिवहन निगम के कर्मचारियों पर सामान्य रूप से लागू किया जाए
तथा प्रदेश के सभी विभागों के कर्मचारियों को समय से वेतन भत्ता दिया जाना सुनिश्चित किया जाए के साथ सरकार द्वारा दिनांक 1 जनवरी 2020 से 31 जुलाई 2021 तक फ्रीज महंगाई भत्ते का एरियर भी अनुमन्य किया जाए।
सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को गंभीर रोग के इलाज हेतु कैशलेस इलाज की व्यवस्था संबंधी नियमावली का प्रख्यापन तत्काल किया जाए।
चेयरमैन संघर्ष समिति संजय सिंह ने कहा कि आउटसोर्सिंग एवं संविदा आदि पर कार्यरत कर्मचारियों की सेवा संबंधी सुरक्षा,
भविष्य में स्थायीकरण हेतु नीति तथा समान कार्य समान वेतन, श्रम मंत्रालय द्वारा अनुमन्य परिश्रमिक दिए जाने तथा ई०पी०एफ एवं ई०एस०आई/ बीमा आदि की सुविधाएं अनिवार्य रूप से प्रदान की जाए।
प्रदेश के स्थानीय निकाय विकास प्राधिकरण
कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों की भांति सभी सुविधाएं देते हुए वेतन ढांचा निर्धारित किया जाए। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने मांग की कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती खोलते हुए स्वीकृत पदों पर स्थाई नियुक्ति की जाए।
यदि सरकार हमारी मांगों पर विचार नहीं करती है तो राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद आंदोलन को बाध्य है।
उक्त अवसर पर ज्ञापन देने वाले लक्ष्मी नारायण तिवारी,प्रमोद शुक्ला,रजनीश सिंह,अरुण कुमार मौर्य,अतहर अली,दिलीप मौर्य,जाहिद अख्तर,शिवम,ज्ञानेंद्र समेत आदि पधाधिकारी मौजूद रहे।












