संकल्प सवेरा,आजमगढ़। सरयू नदी का जलस्तर शुक्रवार को स्थिर रहने के बाद शनिवार को अचानक से एक बार फिर नदी बढ़ने लगा। डिघिया नाले पर पानी का उफान खतरा निशान के ऊपर जा पहुंचा था। इससे देवारावासियों की बचैनी भी बढ़ गई है।
वहीं बगहवा व गांगेपुर में कटान थमने का नाम नहीं ले रहा है। सगड़ी तहसील के उत्तर में प्रवाहित होने वाली सरयू नदी का जलस्तर शनिवार को सुबह से फिर बढ़ने लगा। पिछले एक महीने से धान और गन्ना के खेतों में पानी जमा होने से फसलें बर्बाद हो रही हैं। पिछले तीन दिन से लगातार घटते जलस्तर से देवारा के लोगों को काफी राहत हो गई थी,
लेकिन शुक्रवार को जलस्तर स्थिर हुआ फिर शनिवार की सुबह से नदी फिर से उफानने लग गई। इससे बाढ़ का खतरा एक बार फिर बढ़ने लगा है। गांगेपुर मठिया के पास चल रही कटान लगातार जारी है। बाढ़ खंड के लोग बंबू क्रेट्स और पत्थर डालकर कटान रोकने का प्रयास कर रहे हैं।
परसिया गांव की सैकड़ों एकड़ खड़ी फसल पहले ही नदी की धारा में विलीन हो चुकी है। अब बची खुची कृषि योग्य भूमि भी नदी में कट कर समाहित हो रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र सहडीह, सोनौरा, मानिकपुर, देवारा खास राजा, अजगरा मगरवी, अजगरा, बाड़ू का पूरा, साधु का पुरा में नदी का पानी अभी भी जमा है। इससे बीमारियां फैलने लगी है।
शुक्रवार को डिघिया नाले पर गेज 70.62 मीटर पर था जो शनिवार को 70.72 मीटर पर दर्ज हुआ। यहां खतरा बिदु 70.40 मीटर है। नदी खतरा बिदु से 32 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
बदरहुआ नाले पर शुक्रवार को नदी का जलस्तर 71.34 मीटर था जो 10 सेंटीमीटर बढ़ कर शनिवार को 71.44 पर पहुंच गया।