संगीत संध्या ‘उमंग’ में सुरों की छटा बिखरी, कलाकारों ने बांधा समां

जौनपुर, संकल्प सवेरा। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में शनिवार की शाम “संगीत संध्या उमंग” का आयोजन अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में अत्यंत भव्य एवं संगीतमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गायिका पल्लवी मुखर्जी की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। वहीं विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी आत्मप्रकाश धर द्विवेदी ने भी अपनी प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान पल्लवी ने एक से बढ़कर एक गीतों और ग़ज़लों की श्रृंखला प्रस्तुत की, जिसमें “होश वालों को खबर क्या”, “आज जाने की जिद न करो”, “लग जा गले”, “अजी रूठ कर”, “मोह मोह के धागे” और समापन में “कबिरा” जैसे लोकप्रिय गीत शामिल रहे।

इस अवसर पर संगतकारों के रूप में ऑर्गन पर राहुल, ढोलक पर सुनील, तबला पर डॉ. अवधेश तथा ऑक्टोपैड पर आशुतोष एवं गिटार पर सविक मुखर्जी ने अपनी सधी हुई संगत से कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम के अंत में कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह एवं पूर्व कुलपति प्रोफेसर पी.सी. पतंजलि द्वारा कलाकारों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक संध्या की संयोजक डॉ. अन्नू त्यागी ने किया।
शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने इस सुरमयी संध्या का भरपूर आनंद लिया।












