चूहे ने कर दिया पावर हाउस का सिस्टम फेल
24 घंटे गर्मी से बेहाल रहे दर्जनो गाँव के लोग
संकल्प सवेरा,खुटहन ( जौनपुर) स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के शेखूपुर और नगवां फीडर में बुधवार की दोपहर चूहा घुस जाने से वह ब्लास्ट कर गया। जिसके कारण यहां से आपूर्ति क्षेत्र के दर्जनो गाँव के लोग उमस भरी गर्मी से चौबीस घंटे तक बेहाल रहे। विद्युत विभाग के कर्मचारियों को फीडर सुधारने में चौबीस घंटे बीत गए।
दूसरे दिन गुरूवार को पुनः विद्युत व्यवस्था बहाल हो सकी। बिजली ना आने से क्षेत्र के तमाम गांवों के सैकड़ो उपभोक्ता भीषण गर्मी से बिलबिला उठे। लोगों को पेयजल की किल्लत के अलावा तमाम फजीहत झेलनी पड़ी। जेई देवेंद्र यादव ने बताया कि फीडर में आई खामियों को ठीक कर लिया गया है। आपूर्ति चालू कर दी गई है।
उपभोक्ताओं की माने तो बुधवार की दोपहर से ही विद्युत आपूर्ति बंद हो गई थी। उसके बाद फिर से विद्युत सेवा पूरी तरह से ठप है।
वर्तमान समय किसानों के धान की सिंचाई का महत्वपूर्ण मौसम होने के चलते बिजली गुल होना उनके लिए एक आफत से कम नहीं है। वहीं विद्युत दुर्दशा से किसान व्यापारी और छात्र सभी त्रस्त है। लोगों का आरोप है कि विद्युत व्यवस्था को लेकर खुटहन के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
यहां आए दिन विद्युत कटौती आम हो चुकी है। उसमें भी लो वोल्टेज एक बड़ी समस्या बनी हुई है। विद्युत आपूर्ति चालू रहने के बाद भी किसानों के मोटर और पंखे नहीं चल पाते। जिसके चलते वह आपूर्ति भी निरर्थक साबित होती हैं। इस दुर्व्यवस्था को लेकर किसान व्यापारी छात्र सभी आक्रोशित है।












