उत्तर प्रदेश में बलरामपुर के बाहुबली पूर्व सांसद रिजवान जहीर की गिरफ्तारी के बाद उनकी बेटी और बसपा नेता जेबा रिजवान सामने आई हैं. जेबा रिजवान ने कहा कि उनके पिता निर्दोष हैं और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. 26 अप्रैल को तुलसीपुर थाना के लौकी कला गांव में मतदान के बाद हुई हिंसा और आगजनी के मामले में पुलिस ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस मामले में कांग्रेसी नेता दीपांकर सिंह समेत 11 लोग गिरफ्तार किए गए हैं.
जरायम की दुनिया से राजनीति में कदम रखने के बाद रिजवान जहीर तीन बार विधायक और दो बार सांसद रह चुके हैं. 26 अप्रैल को हिंसा और आगजनी भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किए गए रिजवान जहीर 28 वर्षों बाद फिर से जेल की सलाखों के पीछे हैं. रिजवान जहीर की गिरफ्तारी के बाद उनकी बेटी जेबा रिजवान ने कहा कि इस घटना में उनके पिता पूरी तरह निर्दोष हैं. जेबा रिजवान ने कहा कि उनके पिता ने अपने 31 वर्ष के राजनीतिक करियर में कभी किसी भी चुनाव में मतदान को प्रभावित करने की कोशिश नहीं की. जेबा ने कहा कि घटना में उनके पति के मारे जाने की सूचना पर उनके पिता घटना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे थे.
मेरे पिता सभी मुकदमों में हो चुके हैं बरी: जेबा
जेबा रिजवान ने कहा की घटना में उनके पति पर जानलेवा हमला हुआ, लेकिन उन्हें भी आरोपी बनाकर जेल भेज दिया गया. उनके पिता पर पहले जितने भी मुकदमे थे, उनमें न्यायालय उन्हें बरी कर चुकी है. जेबा रिजवान ने कहा कि उनकी मां हुमा रिजवान दो बार नवानगर जिला पंचायत क्षेत्र से चुनाव जीतकर जिला पंचायत अध्यक्ष बनी थीं. इस बार वह पुनः चुनाव मैदान में थीं.
पिता को साजिशन फंसाया गया
जेबा ने कहा कि हम लोग चुनाव जीते हुए हैं. ऐसे में हमारी तरफ से कोई बवाल क्यों होगा? जेबा ने कहा कि उनके पिता रिजवान जहीर को साजिशन फंसाया गया है. उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और वह कानून के दायरे में रहकर अपने पिता के लिए न्याय की लड़ाई लड़ेंगी.












