जिस देश में अच्छी शिक्षा और संस्कार मिले, वो देश तरक्की करता है: धनंजय सिंह
न्यू डीएसपी स्कूल के वार्षिकोत्सव में छात्रों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
संकल्प सवेरा,शाहगंज / खेतासराय क्षेत्र के मजडीहां गांव स्थित न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल का पहला वार्षिकोत्सव सोमवार को आयोजित हुआ। जिसमें विद्यालय के नन्हें मुन्ने बच्चों ने समाज में फैली बुराईयों पर प्रहार करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों को प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।

बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद व जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय महासचिव धनंजय सिंग ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय में अभिभावकों की अधिक उपस्थिति देख सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों ने एक वर्ष में जिस तरह का कार्यक्रम प्रस्तुत किया उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अध्यापक और अभिभावक दोनों अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए जागरूक हैं।
कहा जिस देश में शिक्षा और संस्कार मिलता हो उस देश को तरक्की करने में समय नहीं लगता। उन्होंने कहा अभिभावक बच्चों पर दबाव बनाने का प्रयास न करें बल्कि उनके मन को जाने। वहीं अध्यापकों को भी सलाह दी कि पढ़ाई और खेल के साथ नन्हें बच्चों को प्रकृति के प्रति लगाव रखने की शिक्षा देते हुए उन्हें प्रकृति प्रेमी बनाएं।
वृक्ष लगाने एवं जल संचय के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम को शिक्षक संघ के नेता डाॅ. विजय कुमार सिंह, विद्यालय प्रबंधक अल्तमस बरलास ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता विद्यालय निदेशक कहकशां खान व संचालन छात्र आदित्य अग्रहरि व वैशाली चौरसिया ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर सचिव मिर्जा अजफर बेग, प्राचार्य एनपी उपाध्याय, प्रधानाचार्य नौशाद खान, ब्लाक प्रमुख धीरू सिंह, शकील खान, अबदुल्ला तिवारी, आमिर सिद्दीकी, नफीस अहमद, साइमन पीटर, अजय सिंह आदि रहे।












