पति-पत्नी उतर गये चुनाव मैदान में
श्रीकला और धनंजय सिंह के प्रचार अभियान से उड़ी विरोधियों की नींद
जौनपुर,संकल्प सवेरा। 2022 के चुनावी दंगल में सभी पार्टियों के प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। जिले की कुल 9 विधनासभा में मतदान होना है। सबसे ज्यादा चर्चा मल्हनी विधानसभा की हो रही है। यहां से भाजपा ने पूर्व सांसद केपी सिंह और सपा ने वर्तमान विधायक लकी यादव को प्रत्याशी बनाया है।
वहीं जनता दल यूनाईटेड से पूर्व सांसद धनंजय सिंह मैदान में हैं। धनंजय सिंह लगातार मल्हनी की जनता से मुलाकात कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं तो वहीं उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकला धनंजय सिंह भी पति के पक्ष में मतदान के लिए दिन-रात जनसंपर्क कर रही हैं।
एक तरफ धनंजय सिंह तो दूसरी तरफ श्रीकला ने मोर्चा संभाल रखा है। बता दें कि मल्हनी की जनता में पूर्व सांसद की अच्छी पकड़ है जिसके नाते विरोधियों की नींद उड़ी हुई है। 2020 में मल्हनी में हुए उपचुनाव में बतौर निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह ने 68838 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे।
सपा के लकी यादव 73462 मत पाकर विजयी प्राप्त किये थे। 4624 मत के अंतर से चुनाव हारे धनंजय सिंह की ताकत का एहसास इसी से लगा लीजिए कि उन्होंने निर्दल होते हुए भी इतना मत प्राप्त किया।
विदित हो कि इसके पूर्व भी जनता दल यूनाईटेड से धनंजय सिंह प्रदेश की सबसे बड़ी पंचायत में जा चुके हैं।












