अखिलेश जायसवाल हत्याकाण्ड को लेकर व्यापार मण्डल ने गांधी प्रतिमा स्थल पर किया प्रदर्शन
जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगाः श्रवण जायसवाल
जौनपुर,संकल्प सवेरा । अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल द्वारा सिकरारा थानान्तर्गत खपरहां बाजार के किराना व्यवसायी अखिलेश जायसवाल के परिजनों को न्याय दिलाने हेतु मंगलवार को जिलाध्यक्ष श्रवण जायसवाल के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पर खरका कालोनी में स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर कोरोना एवं चुनाव को देखते हुये जारी सरकारी गाइडलाइस का पालन करते हुये विरोध प्रदर्शन किया गया
जिसमें श्री जायसवाल ने कहा कि व्यापार मण्डल लगातार उक्त प्रकरण को लेकर आंदोलनरत है परन्तु तानाशाह जिला प्रशासन तानाशाही रवैया अपनाते हुये कुछ भी बोलने के लिये तैयार नहीं है। वहीं नगर अध्यक्ष अनवारूल हक गुड्डू एवं जिला उपाध्यक्ष आशुतोष जायसवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि दिवंगत व्यापारी को न्याय दिलाने हेतु व्यापार मण्डल कोई भी कोर-कसर बाकी नहीं रखेगा। चाहे हमें सड़क पर आना है या चाहे बाजार व जिला बन्द कराना पड़े।
हम जीवन के अंतिम सांस तक व्यापारी के परिजन को न्याय दिलाने हेतु लड़ते रहेंगे। वहीं जिला युवा अध्यक्ष संजीव साहू व जिला मंत्री प्रदीप निषाद ने कहा कि हमारी मांगें यथावत् हैं। जैसे कि सिकरारा थाने के समस्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही की जाय तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 1 करोड़ रूपये की मदद एवं मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाय।












