संकल्प सवेरा लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मंगलवार को बहुप्रतीक्षित लखनऊ की सभी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। भाजपा केंद्रीय कार्यालय की ओर से देर शाम 17 प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है। लखनऊ पूर्व से आशुतोष टंडन ‘गोपाल’ और लखनऊ कैंट से बृजेश पाठक को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
योगी सरकार में राज्यमंत्री स्वाति सिंह की जगह सरोजनीनगर सीट से राज राजेश्वर सिंह को टिकट दिया गया है। स्वाति सिंह के पति दया शंकर को भी टिकट नहीं दिया गया है
केन्द्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों की वह सूची जारी की, जिसका लोगों को लम्बे समय से इंतजार था। भाजपा ने लखनऊ के साथ ही चौथे चरण के मतदान वाले अन्य विधानसभा क्षेत्रों समेत कुल 17 प्रत्याशियों का नाम घोषित किया है। यहां पर तीन फरवरी नामांकन की अंतिम तिथि है।
कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद से सभी को उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी की सूची का इंतजार था। भाजपा ने लखनऊ की सभी नौ विधानसभा सीट के साथ अन्य प्रत्याशियों का भी नाम घोषित किया है
भारतीय जनता पार्टी ने विधान सभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित की सीट भगवंतनगर विधान सभा क्षेत्र से प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। भाजपा ने यहां पर आशुतोष शुक्ल को चुनाव मैदान में उतारा है।
भगवंतनगर से हृदय नारायण दीक्षित 2017 में चुनाव जीते थे। मोहनलालगंज से भाजपा सांसद कौशल किशोर के साले अमरेश कुमार को मोहनलालगंज और पत्नी जय देवी को मलिहाबाद से टिकट दिया गया है। वहीं, सीतापुर की सिधौली सीट से मनीष रावत को टिकट दिया गया है। वह दो दिन पूर्व ही सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं
लखनऊ की नौ सीटों में आठ पर 2017 में भाजपा ने कब्जा जमाया था। मोहनलालगंज सुरक्षित की सीट से सपा के अम्ब्राीश सिंह पुष्कर विधायक हैं। भाजपा के पास मलिहाबाद सुरक्षित, सरोजनीनगर, लखनऊ कैंट, लखनऊ पूर्वी, लखनऊ मध्य, लखनऊ पश्चिम, लखनऊ उत्तरी, बक्शी का तालाब सीट है। लखनऊ की ज्यादातर सीटें भाजपा के लिए बेहद मुफीद मानी जाती हैं। योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में यहां के तीन विधायक आशुतोष टंडन, ब्रजेश पाठक और स्वाति सिंह मंत्री हैं। उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा और मोहसिन रजा विधान परिषद सदस्य हैं।












