डॉ अंकिता राज ने बेटियों के साथ आए दिन की घटनाओं पर उनके मन के भाव और साहसिक निर्णय लेने के लिए किया प्रेरित
• यूट्यूब पर दो वीडियो के माध्यम से ऐसी घटनाओं से निपटने में आत्मरक्षा के तरीक़े सिखाकर मजबूत बनाने की कोशिश की
जौनपुर, संकल्प सवेरा। आजकल छेड़खानी होना आमबात है। बस में चलते या घूमते-फिरते लोग दुपट्टा खींच लेते हैं। ऐसा सभी के साथ होता है। मेरे साथ भी हुआ है। कोई लड़की यह नहीं कह सकती कि ऐसी दुर्घटना उनके साथ नहीं हुई है। ऐसी ही स्थितियों के लिए मैंने कहा है कि कभी कुछ गलत हो तो चुप होकर न बैठिए। चिल्लाइये। पास कुछ हो तो मारिये और भागिए। लड़कियों को अपनी आत्मसुरक्षा के लिए खुद को मजबूत बनाना होगा ।
यह कहना है डॉ अंकिता राज का। यूट्यूब पर वायरल हो रहे उनके वीडियो में दिखाया गया है कि एक लड़की किसी काम से जा रही है तो कुछ लड़के उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। वीडियो में घटना के साथ चल रहे लिरिक्स के माध्यम से लड़की के मनोभावों को दर्शाने की कोशिश की जा रही है। लड़की सोच रही है कि आज हो रही घटना के बारे में कभी सोची नहीं थी। ऐसी स्थितियों से हमेशा बचना चाहती थी लेकिन हर मोड़ पर ऐसे लोग मिल रहे हैं। इस काली घटना से मन सहमा-सहमा सा है। ऐसा लगता है कि सबकुछ उजड़ गया है। इससे हर पल तकलीफ होती है। शर्म के मारे घुट-घुट कर जीती हूं। समय के साथ सारे घाव भर जाते हैं लेकिन ऐसी घटनाएं मेरे विश्वास को चूर-चूर कर देती हैं। मैं ऐसी स्थितियों को क्यों झेलूं? कब तक दुबक कर रहूं? कुछ बदलने वाला नहीं है। हमें भी कुछ करना चाहिए। कुछ ऐसी हरकत करू कि ऐसे लोग भी डरें। मन करता है चिल्लाऊं, मारू और भागूं। मुझे अपनी सीखी हुई कला को आजमाना चाहिए। खुद को बचाना चाहिए और इसके लिए काबिल बनना चाहिए। आवाज उठाकर ऐसी दूसरी लड़कियों के लिए प्रेरणा श्रोत बनना चाहिए। जिस पल से हम बचते थे, उस पल का सामना करना चाहिए। यह सोच कर लड़कियां शोहदों पर टूट पड़ती हैं और शोहदे भाग जाते हैं।
दूसरे वीडियो में आत्मरक्षा के तरीके बताते हुए बताया गया है कि कैसे कोई हमला करे तो एक पैर आगे और एक पैर पीछे कर उसके हाथ पर जोरदार प्रहार कर खुद को बचाया जा सकता है। कैसे धक्का देकर उसे पीछे किया जा सकता है। लिंक https://youtu.be/6MHYx4J8zGk तथा https://youtu.be/pRoGdx4MfZw के माध्यम से लोग इस वीडियो को देख रहे हैं।
जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष कुमार सोनी ने वीडियो के माध्यम से लड़कियों में आत्मविश्वास जगाने को साहसिक कदम बताया है। लड़कियां अब किसी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्हें डरकर नहीं, पूरे आत्मविश्वास के साथ जीना चाहिए।
वहीं कोतवाली में निरीक्षक अपराध तारावती यादव बतातीं हैं कि लड़कियों को अपनी सुरक्षा के लिए अपना आत्मविश्वास मजबूत रखना होगा। ऐसे वीडियो देखकर वे साहसी बनेंगी और कुछ भी गड़बड़ होने पर अपने बचाव के लिए कदम उठा सकेंगी। उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। जहां भी जरूरत होगी पुलिस उनको सहयोग के लिए खड़ी मिलेगी।












