मतदाता जागरूकता के लिये नुक्कड़ नाटक का हुआ आयोजन
संकल्प सवेरा, जौनपुर। विकास खंड मछलीशहर की ग्राम पंचायत बामी में मतदाता जागरूकता के लिये चलाये जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह की उपस्थिति में पंचायत भवन सभागार में रविवार को बच्चों ने नुक्कड़ नाटक का प्रस्तुतीकरण किया। मतदाताओं का अभिनय करते हुये बच्चों ने रोचक प्रश्न पूछे जैसे-वोट देने में अनावश्यक समय नष्ट होता है, एक वोट न देने से क्या फर्क पड़ता है?
,जब वोटिंग मशीन ही विश्वसनीय नहीं है तो वोट देने से क्या फायदा?, हमारी नजर में कोई नेता अच्छा नहीं है हम किसे वोट दें ? लोगों को जागरूक करते हुये मुख्य पात्र ने उनको समझाते हुये कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में मछलीशहर में मात्र 181 वोटों से जीत-हार हुयी थी। अतः हर वोट महत्वपूर्ण है। पसन्द का उम्मीदवार न होने पर नोटा का भी विकल्प होता है। चुनाव चिन्ह् दबाने पर वी वी पैट मशीन से जो पर्ची निकलती है उसमें वोट को देख सकते हैं और गलत होने पर चैलेंज भी कर सकते हैं।
हारा प्रत्याशी हार के बाद इ वी एम का रोना रोता है जो शत प्रतिशत झूठ है। प्रत्येक शंका समाधान पर बच्चे उत्साहपूर्वक ताली बजा रहे थे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने ‘ अगर देश का है भविष्य बनाना, तो सात मार्च बूथ पर जरुर आना’ के नारे लगाये। आज के इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान के अलावा बी एल ओ मीरा सिंह, पंचायत सहायक कनक सिंह, रोजगार सेवक संगीता देवी के अलावा गांव के बच्चे और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।












