सपा नेताओं ने किया पौधरोपण, लगाया बरगद, पीपल व नीम का पेड़

संकल्प सवेरा, सिकरारा (जौनपुर) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर एक सप्ताह तक चलने वाले पौधरोपण अभियान के तहत बुधवार को सपा कार्यकर्ताओं ने फतेहगंज स्थित आरएन बालिका महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। विद्यालय परिसर में खाली पड़े स्थानों पर सपा नेताओं ने बरगद, पीपल व नीम के पेड़ के साथ छायादार व फलदार पौधे लगाया।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, पूर्व विधायक लाल बहादुर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव व सपा नेता विद्यालय के प्रबंधक राजनाथ यादव भारी संख्या में दिन में लगभग दस बजे पहुंचे। विद्यालय परिसर में ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नाम से बना केक काटकर जन्मदिन मनाया।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि पार्टी के मुखिया के जन्मदिन पर एक सप्ताह तक जनपद में बृहद स्तर पर जगह जगह पौधरोपण किया जा रहा है। कहा कि आज पौधरोपण बहुत जरूरी हो गया है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधा लगाना चाहिए। यह हम सब के लिए बहुत जरूरी है। पूर्व विधायक लाल बहादुर यादव ने कहा कि पर्यावरण कुप्रभाव के चलते तमाम तरफ की विमारियां हो रही है।
पर्यावरण के साथ हो रहे खिलवाड़ को रोकना अति आवश्यक है। पूर्व चेयरमैन राज बहादुर यादव ने कहा कि सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान से सभी को जोड़े।
विद्यालय की छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर लघु एकांकी प्रस्तुत कर गीत सुनाकर सभी को पौधरोपण हेतु प्रेरित किया।
विद्यालय संस्थापक आरएन यादव ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य विजय श्रीवास्तव, दिग्विजय सिंह यादव ‘दीपू’, अमित यादव, संदीप त्रिपाठी आदि का सक्रिय योगदान रहा।












