नवागत पुलिस कप्तान ने घटना स्थल पर पहुँच कर स्तिथि का लिया जायज़ा
शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत भरौली गांव में मामूली विवाद में शनिवार की पूर्वाह्न पिता-पुत्र पर दबंग पड़ोसियों ने जमकर गोलियां बरसाई, इस वारदात में बेटे की मौत हो गई, वहीं पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरु कर दी है। वारदात के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी तारिक अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से पिता-पुत्र पर गोली चलाते हुए नजर आ रहा है।

भरौली गांव निवासी इश्तियाक (55 वर्षीय) की अपने पड़ोसी से किसी बात को लेकर पुरानी रंजिश चली आ रही थी। शनिवार की अपराह्न करीब 11 बजे एक बार फिर दोनों पक्षो में विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। वारदात में इश्तियाक और उसका पुत्र ओसामा (28 वर्षीय) गंभीर रूप से घायल हो गये।
मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को स्थानीय राजकीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने ओसामा को मृत घोषित कर दिया। उधर पिता की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है। इश्तियाक के सीने में बांयी ओर दो गोलियां लगीं हैं।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी जितेंद्र दुबे शाहगंज, खेतासरायं एवं खुटहन पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। नवागत कप्तान राजकरन अय्यर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया, उन्होने बताया कि तारिक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें बनाई गई है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












