अयोध्या,संकल्प सवेरा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में गैर भाजपा दलों को एकजुट होकर चुनाव लड़ना होगा। इसके लिए सभी गैर भाजपाई दलों को एक मंच पर आकर मिशन 2022 की रणनीति तैयार करनी होगी। कहा कि इसी मिशन को कामयाब बनाने के लिए वह प्रदेश के जिलों का दौरा कर रहे हैं।
शिवपाल रविवार को तकरीबन दो घंटे अयोध्या में रहे। इस दौरान उन्होंने संतों और महंतों का आशीर्वाद लिया। वह जैन मंदिर के पास स्थित सुग्रीव आश्रम पहुंचे और रामायणी महंत गंगादास की छठवीं पुण्यतिथि पर पुष्पांजलि अर्पित की। महंत बालयोगी विनोद दास के साथ संतों के बीच समय बिताया। यहां से वह नयाघाट स्थित हनुमान किला मंदिर पहुंचे। अयोध्या की नब्ज टटोलने के बाद अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हराना सभी दलों का उद्देश्य होना चाहिए। भाजपा सरकार अपने किसी वादे पर खरी नहीं उतर सकी है। महंगाई ने सभी की कमर तोड़ दी है।
बीजेपी की सरकार सिर्फ सत्ता की हनक दिखाना जानती है। उन्होंने कहा कि इटावा में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में समाजवादी पार्टी और बसपा ने अपनी ताकत दिखाई, फिर भी निर्विरोध हमारी जीत हुई। भाजपा सत्ता की हनक से जिला पंचायत अध्यक्ष बना रही है। यह चुनाव नहीं हो रहा, जिला पंचायत सदस्यों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों पर डाका डाला जा रहा है। गैर भाजपाइयों को नामांकन करने तक से रोक दिया जा रहा है।
उनको घर से उठाया जा रहा है, फर्जी मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अगर सभी दल एक होते तो ऐसा न होता। आने वाले विधानसभा चुनाव में सभी दलों को एकजुट होकर भाजपा को हराना होेगा। संतों का आशीर्वाद लेने के बाद प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ की ओर रवाना हो गए