आजम खां का मंगलवार को लखनऊ में दिया गया बयान, सपा नेतृत्व को लेकर उनका रवैया, शिवपाल से मुलाकातें और ओमप्रकाश राजभर की सपा मुखिया को दी गई नसीहत ने सियासी गलियारों में सरगर्मी बढ़ा दी है
संकल्प सवेरा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने प्रमुख सचिव विधानसभा को पत्र भेजकर विधानसभा में अपनी सीट बदलने का अनुरोध किया है। गौरतलब है कि सोमवार शाम को शिवपाल सिंह यादव व आजम खां की गोपनीय बैठक हुई। शिवपाल आजम के सरकारी आवास पहुंचे थे। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि आजम व शिवपाल ने राज्यसभा चुनाव से लेकर मौजूदा सत्र पर चर्चा की। शिवपाल सिंह यादव, आजम खां को लेकर अखिलेश यादव के साथ ही मुलायम सिंह यादव पर भी हमलावर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि आजम को जेल से निकलवाने के लिए सपा ने पूरा प्रयास नहीं किया।
इस बातचीत को आजम खां की नाराजगी की चर्चाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है। लेकिन दोनों ने मंत्रणा के संबंध में कुछ भी कहने से इनकार किया है। विधानसभा में प्रवेश करते वक्त आजम खां ने भी किसी तरह की नाराजगी से इनकार किया। मुलायम सिंह यादव से बातचीत होने के सवाल पर उन्होंने सधे अंदाज में तंज कसा। कहा कि हो सकता है कि उनके पास हमारा फोन नंबर न हो। आजम खां के दोपहर बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की चर्चा थी, लेकिन वह बिना मिले लौट गए। आजम के नजदीकी लोगों का कहना है कि उनकी सेहत ठीक नहीं थी












