कोलकाता, संकल्प सवेरा । कोरोना संक्रमण के बीच बंगाल विधानसभा चुनाव के सातवें चरण का मतदान जारी है। यह दौर चुनाव आयोग के लिए अग्नि परीक्षा से कम नहीं है। क्योंकि, चुनावी हिंसा के लिए कुख्यात मुर्शिदाबाद और मालदा में मतदान है। यही वजह है कि इन दोनों ही जिलों में दो चरणों में मतदान कराने का निर्णय लिया गया है। बांग्लादेश की सीमा से लगे होने के चलते चुनौती और भी बड़ी है। आयोग का ध्यान अब सुरक्षा इंतजाम के साथ-साथ कोरोना महामारी से बचाव पर भी है। इस बाबत प्रशासन और चुनाव कर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं
रासबिहारी से तृणमूल प्रत्याशी देवाशीष कुमार ने मतदान से रोके जाने का आरोप लगाया
दक्षिण कोलकाता की रासबिहारी विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी देवाशीष कुमार ने उन्हें मतदान करने से रोके जाने का आरोप लगाया है। देवाशीष कुमार ने कहा कि केंद्रीय बल के जवानों ने उन्हें मतदान करने से रोका। उन्होंने आगे कहा कि इन सब से कुछ होने वाला नहीं है। बंगाल में फिर से तृणमूल की ही सरकार बनेगी।
– चुनाव आयोग के अनुसार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के सातवें चरण में सुबह 9.30 बजे तक 17.47% फीसद मतदान।
– पश्चिम बंगाल चुनाव: सातवें चरण के मतदान के दौरान टीएमसी सांसद नुसरत जहां और उनके माता-पिता ने कोलकाता के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।
टीएमसी सांसद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने भवानीपुर में वोट डाला। उन्होंने कहा कि 2/3 बहुमत के साथ ममता बनर्जी की सरकार बनेगी। कोरोना की दूसरी लहर चल रही है। हर दिन लोगों की मौत हो रही है लेकिन केंद्र सरकार चुनावों में व्यस्त है।












