सुइथाकलां संकल्प सवेरा (जौनपुर): लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर मिसिरपुर पेट्रोल पंप के पास लुटेरे बाइक सवार दंपति की बाइक व जेवर आदि लूटकर फरार हो गए। इस दौरान उन्होंने फायरिंग भी की। पीड़ित का आरोप है कि सूचना देने के बाद पुलिस उसे ही गाड़ी में बैठाकर रात 11 बजे तक घुमाती रही और प्रार्थना पत्र भी अपने अनुसार लिखवा लिया।
सरायमोहिउद्दीनपुर निवासी जितेंद्र कुमार अपनी पत्नी रेखा व बच्चे को साथ लेकर अशोकपुर कला अपनी रिश्तेदारी जा रहा था। सरपतहां मोड़ से जैसे ही वह थोड़ा आगे बढ़ा अचानक दो बदमाशों ने सामने आकर उसे तमंचे से आतंकित कर रोक लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता कि एक बदमाश ने उसकी पैशन प्रो बाइक व पर्स छीन लिया। दूसरे ने उसकी पत्नी की सोने की चैन छीन लिया। उसने विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचे से हवाई फायरिंग कर दी जिससे वह डर गया। लूट करने के बाद वे दोनों सूरापुर की तरफ फरार हो गए।
घटना की सूचना उसने तुरंत यूपी- 100 व थाने पर फोन से दी। थोड़ी देर बाद घटनास्थल पर प्रभारी निरीक्षक जेपी सिंह स्वयं पहुंचे और उसे गाड़ी में बैठाकर बदमाशों की तलाश में घूमते रहे।












