लायन्स व लायनेस क्लब जौनपुर मेन द्वारा सेवा सप्ताह के सातवें दिन पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षण अभियान संस्थाध्यक्ष सोना बैंकर के नेतृत्व में चलाया गया,जी.जी.आई.सी.स्टेशन रोड पर पौधारोपण किया गया तथा लगाये गये पौधौ को सुरक्षित रखने हेतु ईंटों की जाली बनायी गई।
इस अवसर पर ज़ोन चेयरमैन राम कुमार साहू ने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण से ही धरती पर जीवन का संरक्षण हो सकता है। इसलिए पौधे खूब लगाये,क्योंकि पेड़ ऑक्सीजन का सबसे बड़ा स्रोत होते हैं,और हम उन्हें उगाने के बजाय काट देते हैं। हर व्यक्ति एक पेड़ ज़रूर लगाए,तो जीवन में काफी सुधार होगा। हवा साफ़ होगी,पेड़ों की संख्या वापस सामान्य हो जाएगी,प्रदूषण ग्लोबल वार्मिंग प्रभाव कम हो जाएगा।

लायनेस अध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने कहा कि मानव जीवन प्रकृति पर आश्रित है। प्रकृति एक विराट शरीर की तरह है। जीव-जन्तु, वृक्ष-वनस्पति,नदी-पहाड़ आदि उसके अंग-प्रत्यंग हैं। इनके परस्पर सहयोग से यह वृहद शरीर स्वस्थ और सन्तुलित है। जिस प्रकार मानव शरीर के किसी एक अंग में खराबी आ जाने से पूरे शरीर के कार्य में बाधा पड़ती है,उसी प्रकार प्रकृति के घटकों से छेड़छाड़ करने पर प्रकृति की व्यवस्था भी गड़बड़ा जाती है। इस लिए प्रकृति के साथ दुश्मन की तरह नहीं,वरन दोस्त की तरह काम करना चाहिए। हम दिनों दिन पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति लापरवाह होते जा रहे हैं,जिसके परिणाम भविष्य में घातक हो सकते हैं। संयोजक परमजीत सिंह ने कहा कि आज वाहनों के कारण खूब प्रदूषण बढ़ रहा है। यदि हम अपने वाहनों का सही से ख्याल रखें और समय-समय पर प्रदूषण की जांच करवाएं तो आप पर्यावरण सुरक्षा और संरक्षण में अपना योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर कालेज प्रधानाचार्य जया सिंह,सै.मोहम्मद मुस्तफा,सचिव अनिल गुप्ता,प्रवक्ता आदर्श,सेवा सप्ताह चेयरमैन संजय केडिया,अभिषेक बैंकर,शत्रुघन मौर्य,डा मदन मोहन वर्मा,सुरेश चन्द्र गुप्ता,रीजन अशोक मौर्य,संजय श्रीवास्तव,शिवानंद अग्रहरी, संजय सिंघानिया,गीता गुप्ता आदि उपस्थित रहे।












