राष्ट्रपति ने काल भैरव का किया दर्शन, काशी विश्वनाथ का लेंगी आशीर्वाद
वाराणसी,संकल्प सवेरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच चुकी हैं। दोपहर तीन बजे वायु सेना के विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचीं। यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनकी आगवानी की। राष्ट्रपति राज्यपाल व सीएम के साथ एयरपोर्ट से काशी कोतवाल के दर्शन के लिए काल भैरव मंदिर पहुंची। यहां विधिविधान से काशी कोतवाल की आराधना की। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे।
राष्ट्रपति लगभग चार घंटे तक शहर में रहेंगी। काल भैरव का दर्शन करने के बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेंगी। यहां देवाधिदेव महादेव के सामने मत्था टेकेंगी। विधिविधान से भोलेनाथ का अभिषेक और दर्शन-पूजन करेंगी। इसके बाद गंगा आरती देखने के लिए दशाश्वमेध घाट जाएंगी। गंगा में क्रूज पर सवार होकर विश्व प्रसिद्ध आरती देखेंगी।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा में 450 कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल, 80 सब इंस्पेक्टर, 26 डिप्टी एसपी और 16 ASP को तैनात किया गया है। नौसेना के साथ जल पुलिस, PAC बाढ़ राहत दल और NDRF के जवान दशाश्वमेध घाट पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली है। अग्निशमन, बम निरोधक दस्ते के साथ डाग स्क्वायड को तैनात किया गया है। राष्ट्रपति का काफिला जिन मार्गों से होकर गुजरागा, उन मार्गों पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोक दिया गया।













