जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को राष्ट्रपति ने किया पुरस्कृत
जौनपुर, 18 नवम्बर। उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर जिले में लंभुआ के होलापुर निवासी एवं वर्तमान में जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय को आज मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित किया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को “जल संचय जन भागीदारी 1.0 अवार्ड” से मंगलवार को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया है। वर्ष 2000 में उप जिलाधिकारी के रूप में राजेश कुमार पांडेय जौनपुर में कार्य कर चुके हैं। उस समय जिलाधिकारी के के उपाध्याय ने इन्हें नजारत सहित 4-5 विभागों का चार्ज दे रखा था। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय के बड़े भाई ओ पी पांडेय जौनपुर में पुलिस उपाधीक्षक नगर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भी रह चुके हैं। जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किए जाने पर उनके शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।













