जौनपुर,संकल्प सवेरा। जिले के तीन प्रधान पद और एक बीडीसी पद पर चुनाव कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इन पदों 26 अप्रैल को मतदान कराने के लिए रविवार को पोलिंग पार्टियां संबंधित ब्लाक मुख्यालयों से रवाना होंगी। जो अपने संबंधित बूथों पर पहुंच कर मतदान कराने का कार्य करेंगी।
जिले में 15 अप्रैल को चुनाव के दौरान तीन प्रधान पद के प्रत्याशी की मौत हो गई थी। इस दौरान डोभी ब्लाक के उमरी, रामनगर ब्लाक के राजापुर और मछलीशहर ब्लाक के भिदुना गांव के प्रधान पद के प्रत्याशी की मौत हो गई थी। जिससे इन पदों का चुनाव निरस्त कर दिया गया था। इसके अलावा जलालपुर ब्लाक के पुरेव में बीडीसी पद का चुनाव गलत मत पत्र होने के कारण निरस्त कर दिया गया था। अब इन सभी पदों पर 26 अप्रैल को मतदान होना है। मतदान कराने के लिए कुल 19 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। जिसमें 14 पोलिंग पार्टियां मतदान कराने बूथों पर जाएंगी, जबकि शेष पांच पोलिंग पार्टियां संबंधित ब्लाक मुख्यालयों पर रहेंगी। जिनको जरूरत पड़ने पर लगाया जाएगा। वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सहायक मतदान कार्मिक अधिकारी बीबी सिंह का कहना है कि मतदान कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। रविवार को पोलिंग पार्टियां संबंधित ब्लाकों से रवाना होंगी। मतदान सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।












