कश्मीर, अरुणाचल…भारत के हर हिस्से में होंगी G20 बैठकें: PM
G20 शिखर सम्मेलन में वैश्विक नेताओं की मेजबानी से हफ्तेभर पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कश्मीर और अरुणाचल प्रदेश में इस समूह की बैठकों पर चीन और पाकिस्तान की आपत्तियों को खारिज किया है। एक इंटरव्यू में मोदी ने कहा कि भारत के लिए अपने हर हिस्से में G20 की बैठकें करना स्वाभाविक है। भारत ने मई में श्रीनगर में G20 वर्किंग ग्रुप की बैठक की थी
सनातन डेंगू जैसा…’ DMK नेता के इस बयान पर विवाद

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया और कोरोना से की है। उदयनिधि ने सनातन धर्म का विरोध नहीं करना चाहिए, बल्कि उन्मूलन किया जाना चाहिए। बीजेपी ने कहा कि इस बयान से I.N.D.I.A का हिंदू विरोधी चेहरा उजागर हो गया। उदयनिधि स्टालिन के बयान से कांग्रेस ने किनारा कर लिया है। कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि हम किसी और के बयान की जिम्मेदारी नहीं ले सकते। आरजेडी ने कहा कि तुरंत माफी मांगें। डीएमके प्रवक्ता ने कहा कि उदयनिधि के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उदयनिधि ने बाद में कहा कि मैंने कभी सनातन धर्म का पालन करने वालों के नरसंहार की बात नहीं कही है। इस बयान पर उदयनिधि के खिलाफ एक वकील ने दिल्ली पुलिस में FIR दर्ज कराई है।
एक चुनाव’ पर कमिटी के अफसर कोविंद से मिले

एक देश, एक चुनाव’ की संभावना पर बनी कमिटी की सक्रियता बढ़ गई है। इस कमिटी के सचिव और कानून मंत्रालय में सेक्रेटरी नितेन चंद्रा समेत कई टॉप अफसर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से रविवार को मिले। बताते हैं, कानून मंत्रालय के इन अधिकारियों ने कमिटी के प्रमुख कोविंद को ‘एक चुनाव’ के मुद्दे पर जानकारी दी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि एक देश, एक चुनाव का विचार भारतीय संघ और इसके सभी राज्यों पर हमला है
सोनिया गांधी को बुखार, गंगाराम में भर्ती,
हालत स्थिर
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को हल्के बुखार की शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एक डॉक्टर ने बताया कि सोनिया को शनिवार शाम हल्का बुखार है, लेकिन उनकी हालत ठीक है। डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है
पुलिस ने कहा, G20 समिट के दौरान लॉकडाउन नहीं, पर मेट्रो इस्तेमाल करें

G20 समिट के लिए तीन दिन तक लॉकडाउन जैसे हालात की अटकलों को दिल्ली पुलिस ने खारिज किया है। पुलिस ने बताया कि जमीन से लेकर आसमान तक हाई सिक्युरिटी तो रहेगी, लेकिन लॉकडाउन नहीं। नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा के लिहाज से कुछ बंदिशें रहेंगी। पुलिस ने नई दिल्ली एरिया में रहने वालों को इस दौरान मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी है।
आदित्य-L1 पूरी तरह फिट, लगाई पहली छलांग
सूरज की स्टडी के लिए शनिवार को भेजे गए भारत के पहले मिशन ‘आदित्य-L1’ की सेहत पूरी तरह ठीक है और यह सामान्य तरीके से काम कर रहा है। रविवार को पहली बार इसकी ऑर्बिट को बदला गया। अब यह धरती की 245 Km X 22,459 Km की ऑर्बिट में आ गया है। अब मंगलवार को फिर से यह एक और छलांग लगाएगा
जिंबाब्वे के दिग्गज क्रिकेटर हीथ स्ट्रीक नहीं रहे, कैंसर था
जिंबाब्वे क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान हीथ स्ट्रीक ने रविवार को दुनिया को अलविदा कह दिया। वह 49 साल के थे और लंबे समय से लिवर के कैंसर से जूझ रहे थे। स्ट्रीक की पत्नी नादिन ने फेसबुक पर पोस्ट कर पति के निधन की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘रविवार तड़के मेरे जीवन के सबसे बड़े प्यार और मेरे खूबसूरत बच्चों के पिता हम सभी को छोड़ गए।
चीन की BRI पहल से हट सकता है इटली
ताकतवर देशों के समूह G7 में शामिल इटली चीन की BRI (बेल्ट ऐंड रोड इनिशिएटिव) पहल से हटने पर विचार कर रहा है। चीन की यात्रा से पहले इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताज़ानी ने कहा कि चीन के साथ BRI समझौता इटली की उम्मीदों को पूरा करने में नाकाम रहा है।’ इटली की पीएम मेलोनी अक्सर कहती रही हैं कि यह सौदा बड़ी गलती थी।














