श्री संस्कार वाटिका के तत्वावधान में फलदार व आक्सीजन युक्त पौधों का हुआ रोपण
संकल्प सवेरा गभिरन,जौनपुर जनपद की सीमा से सटे हुए पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर क्षेत्र के मेवपुर गॉव में बुधवार को
श्री संस्कार वाटिका न्यास के तत्वाधान में वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमे बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पदाधिकारी गौरव सिंह ‘वत्स ‘ ने फलदार वृक्ष व सर्वाधिक आक्सीजन युक्त पीपल के पौधे का रोपण कोविड नियमों का पालन करते हुए किया | इस दौरान श्री ‘वत्स ‘ ने कहा कि कोरोना महामारी के द्वितीय चरण में जिस प्रकार पूरे देश मे ऑक्सीजन की कमी से आमजनमानस को तमाम परेशानियों से जूझना पड़ा। जिसके कारण बहुत से लोग अल्प समय मे ही काल के गाल में समा गये। ऐसे में हमें फिर से प्रकृति की ओर लौटना होगा। एक तरफ पेड़ पौधों से हमे मुफ्त में जीवनदायनी ऑक्सीजन मिलती है तो वहीं दूसरी तरफ हरियाली भरा वातावरण मन को प्रसन्न रखकर सुकून देता है। हरे भरे पेड़ पौधे हमारे जीवन के अभिन्न अंग है। प्रकृति के बिना मानव जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इसलिए हम सभी लोगों के साथ देश के नवयुवकों को वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम में विशेष रूचि लेनी चाहिए | हमारे पूर्वजो ने कहा है– एक वृक्ष सौ पुत्र के समान होता है | आज अगर हम अधिकाधिक पौधारोपण एवं उनका सरंक्षण करेंगे। तभी भविष्य में हमारी आने वाली पीढ़ियों को इसका फायदा मिलेगा। शाहगंज तहसील जौनपुर के वरिष्ठ समाजसेवी संजय सिंह, श्री संस्कार वाटिका न्यास के अध्यक्ष अभिनव शर्मा ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी ५ जून को पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में क्षेत्र के गॉवों में 101 पौधों का रोपण ग्रामीणों से करवाया जाएगा। इस मौके पर संयोजक शिवेंद्र सिंह, अम्बरीष सिंह , रवि मिश्रा , राजेंद्र जायसवाल ,आर. के. सिंह आदि लोग मौजूद रहे।












