कोविड कंट्रोल रूम में शिक्षकों की ड्यूटी लगाए जाने से भड़का आक्रोश
शिक्षक नेता अरविंद शुक्ल के नेतृत्व में बीएसए को ज्ञापन सौंप कर जताया विरोध
ग्रीष्मावकाश में शिक्षकों की ड्यूटी शासनादेश का उल्लंघन
संकल्प सवेरा,जौनपुर। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार शुक्ल के नेतृत्व में मंगलवार को संगठन के पदाधिकारियों ने बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी को उनके कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
इसमें ग्रीष्मावकाश में शिक्षकों की ड्यूटी कोविड कंट्रोल रूम में लगाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे बेसिक शिक्षा नियमावली व शासनादेश के विपरीत बताया गया। कहा कि अभी पिछले दिनों पंचायत चुनाव में ड्यूटी के दौरान प्रदेश भर में हजारों शिक्षकों की जान चली गई।
खुद जब शिक्षकों और उनके परिवार को मुआवजा देने की बात आई तो प्रदेश सरकार इसे निर्वाचन आयोग की नियमावली का हवाला देते हुए मुआवजा देने से मुकर गई।
बावजूद इसके अब एक बार फिर शिक्षकों की ड्यूटी कोरोना कोविद में लगाए जाने से शिक्षकों के जान का खतरा बढ़ गया है।
शिक्षक नेताओं ने कहा कि राज्य कर्मियों की तरह शिक्षकों को उपार्जित अवकाश या राशिकरण का लाभ नहीं दिया जाता। इसलिए ग्रीष्मावकाश के दौरान शिक्षकों का ड्यूटी लगाया जाना अनुचित हैं। शिक्षकों को कोविड कंट्रोल रूम में ड्यूटी से तत्काल कार्यमुक्त किया जाए। इस दौरान संघ के महामंत्री रविचंद यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, लालसाहब यादव, रामदुलार,लक्ष्मीकांत सिंह भी मौजूद रहे।
बॉक्स
मृतक आश्रितों की शीघ्र होगी नियुक्तिः बीएसए
जौनपुर। शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के दौरान बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने कहा कि जिन शिक्षकों की मृत्यु हुई है उनके आश्रितों की शासनादेश आते ही नियुक्ति कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी मृतक आश्रित हैं वे स्वयं या संगठन के माध्यम से फाइल तैयार करके जमा कर दें। नया शासनादेश आते ही उनकी तत्काल नियुक्ति कर दी जाएगी।












