लायन्स क्लब जौनपुर द्वारा चल रहे सेवा सप्ताह के तीसरे दिन वृद्धा आश्रम प्रेमराजपुर में लगभग 15 दिनों का राशन प्रदान किया गया। जिसके अन्तर्गत आटा, चावल, अरहर दाल, सरसों तेल, नमक, मसाला आलू, प्याज़, आदि दिया गया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष सोना बैंकर ने कहां कि हमारे समाज में ऐसे कितने बच्चे हैं जो बड़े होकर अपने बचपन को याद करते होंगे जब रातों को सोते समय हम अपने बिस्तर पर ही मल-मूत्र का त्याग करते थे। जब हमारी मां ने न जाने कितनी रातों को हमारे मूत्र से बिस्तर के गीले हो उठे भाग पर स्वयं सोकर हमें सूखे में सुलाया होगा। हमारी एक खांसी और छींक पर वह सारी रात सोई नहीं होगी।
हमारे पिता ने हमारा भविष्य सुन्दर हो इसके लिए जाने कितना परिश्रम किया होगा। यह बहुत ही गहरी वेदना का विषय है कि आज समाज में एकाकी वृद्धावस्था के मामले दिनों दिन बढ़ रहे हैं। आगे उन्होंने कहाकि अपनी संतानों के लिए जीवनभर कष्ट सहने वाले माता-पिता जब असहाय अवस्था में वृद्धाश्रम की दहलीज पर ढकेल दिए जाते हैं तो मैं समझती हूं कि जीवन का इससे बड़ा दुर्भाग्य और कोई हो ही नहीं सकता। ऐसा करते हुए संतानों को यह जरूर सोच लेना चाहिए कि एक दिन उनकी भी यही हालत होगी। क्योंकि जो व्यवहार वे अपने माता-पिता से कर रहे हैं, उनके बच्चे भी वही व्यवहार उनसे करने वाले हैं।
केवल अपने माता-पिता ही नहीं बल्कि हर उस बुजुर्ग का ख्याल रखिये जो अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो सकता। आगे उन्होंने कहा कि वृद्धो की सेवा करना हमारा नैतिक दायित्व है। बड़े बुजुर्गो की सेवा करने से बड़ा पुन्य मिलता हैं।
इस अवसर पर सेवा सप्ताह चेयरमैन संजय केडिया, सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा, सचिव अनिल गुप्ता, लियो अध्यक्ष अभिषेक बैंकर, संदीप पाण्डेय, रवि चौबे, शत्रुघ्न मौर्य, प्रीति गुप्ता सोमेश्वर केसरवानी आदि उपस्थित रहे।












