परिषदीय विद्यालयों में ” वोट करेगा जौनपुर” क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
संकल्प सवेरा जौनपुर विधानसभा मछलीशहर सहित जनपद जौनपुर की नौ विधानसभाओं में आगामी 7 मार्च को होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए”वोट करेगा जौनपुर” नामक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कम्पोजिट विद्यालय बामी में ग्राम स्तर पर मतदाताओं ने परीक्षा दी ।
ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह ने बताया कि मतदाता परीक्षा की सूचना उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर पहले ही प्रसारित करवा दी थी। 11 बजे से 12 बजे तक कुल 1 घंटे में 25 बहुविकल्पी प्रश्नों का मतदाताओं ने उत्तर पुस्तिका पर टिक करके जबाब दिया। आज की परीक्षा में दो सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मतदाताओं को 15 फरवरी को ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
ब्लाक स्तर पर तीन सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मतदाताओं को 18 फरवरी को जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जिले में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मतदाता को 15000 रुपये तथा द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मतदाताओं को क्रमशः 10000 और 5000 रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि जनपद जौनपुर में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए रंगोली, पतंगबाजी, स्कूटी रैली,वाल राइटिंग,सेल्फी प्वाइंट, नुक्कड़ नाटक जैसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किते जा रहें हैं।












