हेल्दी बेबी शो में एक साल के कनिष्ठ सबसे स्वस्थ घोषित
नवजात शिशु देखभाल सप्ताह
– जिला महिला अस्पताल में आयोजित हुई प्रतियोगिता
– बच्चों का वजन, टीकाकरण, स्तनपान आदि के आधार पर परिणाम घोषित
जौनपुर,संकल्प सवेरा । जिला महिला अस्पताल में सोमवार को आयोजित हेल्दी बेबी शो में एक वर्ष तक के कुल 11 बच्चों के अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ प्रतिभाग किया । प्रतिभागी बच्चों में शहाबुद्दीन निवासी रोहित चौधरी के पुत्र कनिष्क चौधरी (एक वर्ष) प्रथम स्थान पर रहे और सबसे स्वस्थ बच्चा घोषित हुये । मड़ियाहूं निवासी यथार्थ यादव की पुत्री शानवी यादव (छह माह) को द्वितीय तथा लाइन बाजार निवासी शरद के पुत्र कार्तिक श्रीवास्तव (11माह) को तृतीय पुरस्कार मिला ।

कनिष्क के पिता रोहित प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर बेहद खुश दिखे । उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान यह जानने का प्रयास किया गया कि हम अपने बच्चे की देखभाल कैसे कर रहे हैं । बच्चा पैदा होने के एक घंटे के अंदर मां का दूध पिलाया कि नहीं । बच्चे को स्वस्थ रखने के लिए उसे क्या-क्या खिलाना चाहिए । सीएचसी बदलापुर में प्रथम पुरस्कार अभिनव चौरसिया (10 माह) पुत्र कान्ति चौरसिया को प्रथम पुरस्कार मिला । यश गौतम (आठ माह) पुत्र सूरज गौतम को द्वितीय तथा अंश गौतम (11 माह) पुत्र संतोष गौतम को तृतीय पुरस्कार मिला ।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (आरसीएच) डॉ एससी वर्मा ने बताया कि नवजात शिशु देखभाल सप्ताह के तहत जिला महिला अस्पताल तथा प्रथम संदर्भन इकाइयों (एफआरयू) सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों (सीएचसी) पर हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया । इसमें एक वर्ष तक बच्चों को उनकी आयु के आधार पर वजन, टीकाकरण, कोलेस्ट्रम फीडिंग (मां का पहला गाढ़ा पीला दूध), छह माह तक सिर्फ स्तनपान, छह माह के बाद अतिरिक्त अनुपूरक आहार के मानकों के आधार पर सबसे स्वस्थ तीन बच्चों के अभिभावकों को पुरस्कृत किया गया ।
मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता नीरज सिंह ने बताया कि हेल्दी बेबी शो के आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों में एक वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को स्वास्थ्य के मानकों के प्रति जागरूक करना एवं प्रोत्साहित करना है। यह शिशु मृत्यु दर कम करने का एक प्रयास है। हेल्दी बेबी शो के आयोजन में जिला महिला अस्पताल के बालरोग विशेषज्ञ तथा सिक न्यूबार्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) के नोडल डॉ संदीप, बालरोग विशेषज्ञ डॉ दीपक जायसवाल, हास्पिटल प्रबंधक डॉ आशीष यादव, काउंसलर सीमा सिंह, एसएनसीयू की स्टाफ नर्सों ने मुख्य भूमिका निभाई ।












