संकल्प सवेरा,महोबा. महोबा में एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है. यहां भटीपुरा इलाके में शादी के अगले दिन ही नई नवेली दुल्हन घर के गहने और नकदी लेकर फरार हो गई. मामला सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है. इस घटना से सहमा दूल्हा और उसके परिवार वालों ने थाने में तहरीर दी है.
पीड़ित परिजनों की मांग है कि दगाबाज दुल्हन को जल्द गिरफ्तार किया जाए. इस दौरान दूल्हे ने आरोप लगाया कि शादी कराने वाले मध्यस्थ ने भी एक लाख रुपया शादी कराने के नाम पर ऐंठ लिए.
भटीपुरा निवासी शैलेन्द्र कुमार ने बताया है कि उसकी मां और मौसी के बीच उसके रिश्ते की बात चल रही थी. इसी बीच बम्हौरीकलां चरखारी गांव निवासी एक युवक ने रिश्ता बताते हुए शादी कराने की बात कही. लड़की वालों की गरीबी का वास्ता देकर शादी का पूरा खर्चा उठाने की शर्त रखी.
बात तय होने के बाद लड़की देखने की तिथि निर्धारित हुई और रिवई गांव में लड़की देखने का कार्यक्रम रखा गया. लड़की देखने के बाद बिचौलिए युवक ने शादी के खर्चे के रूप में एक लाख रुपया ले लिया.












