नितिन नबीन को बड़ी जिम्मेदारी, बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही पार्टी नेतृत्व ने नितिन नबीन पर राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। जेपी नड्डा के बाद अब संगठन की अहम भूमिका नितिन नबीन निभाएंगे।
नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में मंत्री हैं और उन्हें एक अनुभवी, जमीनी तथा संगठन को मजबूती देने वाले नेता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने लंबे समय तक भाजपा संगठन में विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और रणनीतिक सोच का परिचय दिया है। बिहार विधानसभा में भी उनका प्रभावी नेतृत्व और प्रशासनिक अनुभव पार्टी के लिए अहम माना जाता है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन की नियुक्ति से संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं के मनोबल और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने में भाजपा को नई ऊर्जा मिलेगी। उनकी नेतृत्व क्षमता और संगठन को साथ लेकर चलने की शैली से पार्टी को देशभर में और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
भाजपा नेतृत्व ने विश्वास जताया है कि नितिन नबीन के मार्गदर्शन में पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपने जनआधार को और विस्तार देगी तथा संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।













