सांसद ने पंचायत भवन के कायाकल्प एवं मिशन शक्ति कक्ष का किया उद्घाटन
वज्रपात से प्रभावित परिवार को दिया पट्टा प्रमाण पत्र
संकल्प सवेरा,मछलीशहर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत बामी के पंचायत भवन के कायाकल्प एवं मिशन शक्ति कक्ष का उद्धघाटन सांसद मछलीशहर श्री बी. पी. सरोज एवं उप जिलाधिकारी मछलीशहर श्री राजेश कुमार वर्मा ने किया ।
इससे पूर्व उन्होंने ग्राम बामी के जीतलाल पाल एवं उनकी पत्नी किरण देवी को 0.285 हेक्टेयर जमीन के पट्टे का प्रमाण पत्र सौंपा । 17 जून 2020 को आकाशीय बिजली गिरने से जीतलाल के 8 वर्षीय पुत्र उज्ज्वल पाल एवं 7 वर्षीय पुत्री शिक्षा पाल की मौत हो गई थी , उस समय उनके परिवार को फौरी तौर पर मुख्यमंत्री दैवीय आपदा कोष से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली थी ।
चूँकि जीतलाल भूमि हीन किसान थे अतः सांसद जी ने उन्हें ज़मीन दिलवाने का वादा किया था जिसे आज उन्होंने पूरा कर दिया । इसके बाद सांसद बी. पी. सरोज एवं उप जिलाधिकारी मछलीशहर राजेश कुमार वर्मा बामी के पंचायत भवन पर आए जहाँ उन्होंने कायाकल्प हुए पंचायत भवन और उसके एक कक्ष को मिशन शक्ति के तहत आवंटित करने के शिलापट्ट का अनावरण किया तत्पश्चात सभागार एवं मिशन शक्ति कक्ष का अवलोकन किया
शासन के मंशा अनुरूप मिशन शक्ति के लिए पंचायत भवन में कक्ष आवंटित करने के लिए ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह की सराहना की । उल्लेखनीय है कि ग्राम प्रधान श्रीमती सरोज सिंह को मिशन शक्ति के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव एंव
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने 21 अगस्त को पुरस्कृत किया था । ग्राम प्रधान बामी श्रीमती सरोज सिंह एवं उनके पति शैलेन्द्र सिंह ने सांसद जी का माल्यार्पण करके स्वागत किया । सांसद जी ने ग्राम वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर बिना
किसी प्रकार का भेदभाव किये जनकल्याण के लिए समर्पित है । उन्होंने ग्राम बामी में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए लोगों से सहयोग का वादा किया । उप जिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने महिलाओं को बिना किसी डर भय के समाज के लिए सक्रिय योगदान करने का आह्वान किया ,
उन्होंने महिलाओं को शासन एवं प्रशासन स्तर पर मिशन शक्ति के तहत किये जा रहे प्रयासों के बारे में बताया । इस अवसर पर तहसीलदार मछलीशहर सुदर्शन कुमार , भाजपा के पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष शैलेश गिरी ,
मण्डल मीरगंज अध्यक्ष रामनारायण सेठ , जिलाउपाध्यक्ष के. के. दुबे, अरविंद सिंह, सुरेश सिंह राणा , संजीव सिंह , ज्योतेष उपाध्याय , धीरज उपाध्याय सहित भारी संख्या में क्षेत्र वासी एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे ।












