बदमाशों ने मारी गोली एक की मौतः बहन-भाई की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

संकल्प सवेरा,जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह गोलियों की गरजना से पूरा इलाका कांप उठा। दबंगों ने गांव के एजाज अहमद को गोली मारकर मौत के घाट उतारने के बाद फरार हो गए है। जबकि इस गोलीकांड की घटना में मृतक के पुत्र और पुत्री घायल है। जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हत्यारों की धर पकड़ के लिए दबिश दे रही है।
जमीनी विवाद को लेकर चली गोली
मिली सूचना के अनुसार गांव वासी एजाज अहमद के घर पर राजगीर मिस्त्री द्वारा मकान की छत ढालने के लिए सटरिंग का काम किया जा रहा था। एजाज के दबंग पड़ोसी जिससे जमीनी विवाद चल रहा था। 6 मई को मिस्त्री से विवाद किया।
इसी बात को लेकर मंगलवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे सुबह एजाज अपने घर से बाहर निकला, तो याकूब के पौत्र असलहा लेकर एजाज पर हमलावर हो गए। पहले डंडे से वार किया, फिर गोली मारकर एजाज की हत्या कर दिया। अपने पिता को बचाने के लिए घर से बाहर निकले पुत्र अब्दुल रहीम और बेटी सादिया को भी मारपीट कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घटनास्थल पर छानबीन शुरू कर दिया। वहीं मृतक के लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घायलों को जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजवाया गया। वहीं तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है। गोलीकांड की जानकारी होने पर जिले के आला पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
अब्दुल रहीम ने बताया कि हमारे घर पर शटरिंग का काम चल रहा था। हमारे पड़ोसी से हमारी बातचीत नहीं होती है। हमारे पड़ोसी हमारे मिस्त्री से बातचीत कर रहे थे। हमने मिस्त्री से कहा क्या बात कर रहो हो हमारा बोलचाल उन लोगों से बंद है। उनसे विवाद है कई मुकदमें भी चल रहे है।
सोमवार को बहस के दौरान मारपीट हुई, वो लोग ईंट पत्थर से हम पर और पिता व मां बहन को मारे। जिसकी शिकायत कर हमने सोमवार को मुकदमा दर्ज कराया है। उनके द्वारा पत्थर चलाने की वजह से उनके दादा को चोट लग गयी थी। इसी बात को लेकर मंगलवार सुबह फिर मारपीट हुई, जिसमें हमारे पिता को मार रहे थे, इतने में हम घर से बाहर निकले, वो लोग पहले डंडे से मार रहे थे। फिर देखा कि वो बंदूक निकाल कर गोली मार दिए। हमको व मेरी बहन को भी चोट आयी है।
एसपी देहात शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मिस्त्री एक मकान में काम कर रहे थे, दो पक्षों में मकान निर्माण को लेकर विवाद हुआ। अचानक कुछ दबंग लोग पहुंचकर गोली फायर कर दिए। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। दो लोग घायल है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में लगी है।













