काशी में शीतलहर में मंत्री ए.के. शर्मा ने दिए संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश
संकल्प सवेरा, काशी। प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने वाराणसी स्थित सर्किट हाउस से ज़ूम के माध्यम से प्रदेशभर के नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य रैन बसेरा, अलाव, कंबल वितरण, कान्हा गौशालाओं और अन्य जनहितकारी व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की समीक्षा कर उन्हें और अधिक प्रभावी बनाना रहा।
बैठक में मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह समय केवल औपचारिकता निभाने का नहीं है, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता के साथ जरूरतमंदों की सेवा करने का है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी कार्य केवल खानापूर्ति के रूप में न किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि ठंड के कारण कोई भी गरीब, असहाय या निराश्रित व्यक्ति परेशान न हो।मंत्री ने निर्देश दिए कि आगामी तीन दिवस के भीतर कंबल और ब्लैंकेट का वितरण हर हाल में पूर्ण किया जाए और यह सहायता वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे। साथ ही प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर रैन बसेरों की जानकारी देने के लिए स्पष्ट होर्डिंग और साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति खुले में सोता हुआ पाया जाए तो उसे तत्काल रैन बसेरे में शिफ्ट कराया जाए और वहां भोजन, पेयजल, कंबल, साफ-सफाई और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मंत्री ए.के. शर्मा ने माघ मेला क्षेत्र में रैन बसेरों और अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं, कल्पवासियों और जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिल सके। साथ ही सभी कान्हा एवं अन्य गौशालाओं में पशुओं के लिए तिरपाल, अलाव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी रैन बसेरों को नजदीकी अस्पतालों और डिस्पेंसरी से टाइ-अप किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। रैन बसेरों की नियमित निगरानी, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया
बैठक में वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और बीएचयू परिसर में रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। सभी रैन बसेरों में पेयजल, भोजन और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। अपर नगर आयुक्त और जोनल अधिकारी प्रतिदिन सायंकाल क्षेत्र भ्रमण कर खुले में सो रहे लोगों को रैन बसेरों में शिफ्ट करा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि गौशालाओं में पशुओं के लिए तिरपाल और अलाव की व्यवस्था की गई है।
बैठक में लखनऊ, प्रयागराज, मुरादाबाद, आगरा सहित अन्य जनपदों के नगर आयुक्तों और अधिशासी अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में ठंड से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की।
इस वर्चुअल समीक्षा बैठक में निदेशक नगरीय निकाय/सचिव अनुज झा, दीपक शुक्ला सहित प्रदेश के सभी नगर आयुक्त, अधिशासी अधिकारी और संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
#UPWinterAlert #ColdWaveRelief #AKSharma #UrbanDevelopment













