कोतवाली पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
केराकत। जौनपुर
केराकत कोतवाली क्षेत्र के पेसारा गांव में एक विवाहिता का शव घर से चार सौ मीटर दूर सीरीस के पेड़ से लटकता हुआ मिलने से गांव में सनसनी फैल गयी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुटी है। घटना से पूरा गांव हतप्रभ है।
पेसारा गांव के मनोज सरोज की 45 वर्षीया ममता सरोज का शव घर से चार सौ मीटर दूर साड़ी से पेड़ पर लटकता मिला। पति मनोज कुमार ने बताया कि रात में वह खाना खाने के बाद सो गया, कब वह घर में से गायब हुई, पता नहीं चला।
सुबह उठने पर जब वह नहीं मिली तो मनोज अपने ससुराल चिरकिहित देवगांव में पता करने चला गया। बाद में उसे खबर मिली कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर लिया है। उसका शव घर से थोड़ी दूर पेड़ से लटका हुआ है। मृतका चार बच्चों की मां थी। बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल बिन्द कुमार ने घटना के बारे में बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। देखने से मृत्यु रहस्यमय लग रही है। जांच पड़ताल की जा रही है।